बुधवार, 15 अप्रैल 2009

खलनायक भी नायक भी


देशपाल सिंह पंवार
राजनीति के मैदान में वो खलनायक भी है और नायक भी, उसके जितने दोस्त हैं उससे ज्यादा दुश्मन। अंदर तक घुसती उसकी आंखों से ढेरों को डर लगता है। वो ढेरों की आंखों में खटकता है। फिर भी वो ढेरों आंखों में बसता है। जितने दिल उससे नफरत करते हैं उससे ज्यादा के दिल में वो बसता है। जितने उसकी शक्ल से चिढ़ते हैं -उससे ज्यादा एक झलक को तरसते हैं। जितने लोग हिटलर कहते हैं उससे ज्यादा मसीहा मानते हैं। जितने चेहरे राज्य से पलायन करना चाहते हैं उससे ज्यादा बसने को लालायित रहते हैं। उसके नाम पर कट्टरवादी हिंदु चेहरे का आवरण है लेकिन उसने अपने राज्य पर तरक्की का आवरण ओढ़ा दिया है। विरोधी तानाशाह बोलते हैं, मानते हैं, ठहराते हैं और जलते हैं पर दूसरी ओर उसके कुशल प्रशासन पर ताली भी बजाते हैं, सम्मानित भी करते हैं और उसकी मिसाल भी देते हैं। शायद उस जैसा बनना भी चाहते हैं। उस पर जब भी बोल के वार होते हैं तो पलटवार की दहाड़ से सबकी बोलती बंद हो जाती है। उसे हटाने, दौड़ाने और मिटाने की अंदर-बाहर से जितनी कोशिशें होती गर्इं उतना ही उसका खूंटा मजबूत होता गया और वो विरोधियों के खूंटे उखाड़ता गया। उसे जिसने भी राज करने का पहाड़ा पढ़ाने की कोशिश की वो खुद उसकी क्लास में पाठ पढ़ते नजर आए। या राजनीति से विदा हो गए। उसे दल में जिस-जिसने भी आंख दिखाने की कोशिश की वे सब पैदल होते गए। राजनीति की आंख से ओझल होते गए। पार्टी में जो धड़ा इस नेता को किनारे लगाने की कोशिश में जुटा वो खुद किनारे बहता चला गया और वो खुद आज बीच मझधार में पार्टी की नैया का खिवैय्या है। उसे मुख्यमंत्री के लायक ना मानने वाले बोल अब असली प्रधानमंत्री का ढोल पीटने लगे हैं। उसकी हां के बिना उस राज्य में पत्ता भी नहीं हिलता। उसकी हां के बिना न तो किसी को राजधानी का टिकट मिलता न दिल्ली का। उसकी चाह के बिना जीत की राह नहीं खुलती। उसके साथ के बिना ढेरों नेताओं की नैया वैतरणी पार नहीं करती। उसकी चाल तेज है। उसका मिजाज गरम है। उसकी जुबान कड़वी है। उसे ना कहना आता है पर ना सुनना पसंद नहीं। उसकी इच्छा ही हुक्म और हुक्म की तुरंत तामील। उसे कैद रखने वाली कोई जेल भी नहीं बनी, पर जन-जन उसके पीछे है, वो जननेता है। यही उसकी ताकत है। उसे जलजले से खंडहर गुजरात, कलह से जर्जर संगठन और जमीन चाटती अर्थव्यवस्था विरासत में मिली थी लेकिन बेमिसाल लीडरशिप, दूरगामी सोच,मजबूत इच्छा शक्ति, शासन-प्रशासन पर मजबूत पकड़ से आज ये सूबा देश में सबसे आगे है। टाटा-बिरला-अंबानी जैसा हर उद्योगपति वहां या तो है या धंधा करना चाहता है। राग अलापने वाले चाहे जितना भी दंगे का रोना रोते रहें पर फिलहाल इस शख्सियत का राजनीति में मोल है। काम अनमोल है।
नरेंद्र दामोदर दास मोदी

0-17 सितंबर 1950 को गुजरात के मेहसाना जिले के वाडनगर में एक मध्यमवर्गीय परिवार में जन्म। यहीं पर स्कूली शिक्षा। गुजरात विवि से राजनीति शास्त्र में मास्टर डिग्री। एबीवीपी में शामिल। नव निर्माण आंदोलन का हिस्सा। बतौर परिषद प्रतिनिधि बीजेपी में। संघ के स्वयंसेवक बने। आपातकाल में छिपे रहे। 87 में बीजेपी में शामिल। संघ और बीजेपी में समन्वय का काम। मुख्य रणनीतिकार की छवि के बाद 88 में गुजरात इकाई के महासचिव। 88-95 के बीच पार्टी के दो बड़ी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन। एल के आडवाणी की सोमनाथ से अयोध्या रथ यात्रा और कन्याकुमारी से कश्मीर तक का मार्च। फलस्वरूप राष्ट्रीय सचिव नियुक्त। पांच राज्यों का जिम्मा। 95 में पार्टी गुजरात में दो तिहाई बुहमत से सत्ता में। तब से बीजेपी का राज। 98 में महासचिव मनोनीत। आडवाणी के चहेते। अक्टूबर 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री पद हासिल। जलजले से तबाही, खस्ता हाल आर्थिक स्थिति और जर-जर संगठन के बीच लीडरशिप की परीक्षा। पूरी तरह सफल। 10 फीसदी की विकास दर हासिल। पिछले साल यह 11।5 पर सबसे ज्यादा। जनहित की तमाम योजनाएं लागू। फरवरी 2002 में गोधरा कांड के बाद राज्यव्यापी दंगा। सरकार पर कत्लेआम कराने का आरोप। सरकारी नजरिए से 1044 लोगों की हत्या। गुजरात के दामन पर काला दाग। देश-विदेश में अटल सरकार पर वार। लोजपा ने साथ छोड़ा। द्रमुक और टीडीपी की धमकी। बीजेपी ने मोदी से इस्तीफा मांगा। सदन विखंडित करने की सिफारिश। फिर से चुनाव। पार्टी 182 में से 127 सीटों पर जीती। फिर सीएम बने। दो बार वीसा देने से अमरीका का इंकार। 2007 में फिर चुनाव। फिर विरोधियों के प्रहार। सोनिया ने मौत का सौदागर कहा। बीजेपी को फिर बहुमत। लगातार तीसरी बार मोदी सीएम। सबसे ज्यादा दिन राज करने का रिकार्डÞ। मुंबई कांड के बाद फिर निशाने पर। महिला मंत्री दंगे में लिप्त। जेल में। लगातार सबसे बेहतर गर्वनेंस वाला राज्य। सर्वोत्तम सीएम का अवार्ड। ब्रिटिश सांसदों की नजर में गुजरात दुनिया को लीड करेगा। उद्योगपतियों के लिए सूबा स्वर्ग बना। टाटा की नैनो को महज दो दिन में मंजूरी समेत जमीन। एक रिकार्ड। अब सबसे धनवान सूबा।

माया की निराली माया



देशपाल सिंह पंवार
नाम में बहुत कुछ रखा है-अगर आप मानते हैं तो ठीक, नहीं तो मान जाइए। कम से कम राजनीति की इस हस्ती का जैसा नाम-वैसा काम देखकर तो शक की गुंजाइश नहीं बचती। जिसके पिता-माता के नाम के साथ परभू - राम जुड़ा हो,जिसका खुद का नाम संसार की सबसे बड़ी ताकत और सबकी जरूरत की देवी पर रखा गया हो उसे कदम बढ़ाने से कौन रोक सकता था? चाहे उसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था लेकिन बचपन से एलएलबी की पढ़ाई तक जितना किताबी ज्ञान उसने ग्रहण किया उससे ज्यादा शोषण के शिकार दलितों के चेहरों की पीड़ा से हासिल किया। वो पीड़ा जो अपनों ने भी झेली, उसने भी तब तक झेली, जब तक हाथ में पावर नहीं आई। पावर जो राजाओं के घरों की बांदी हुआ करती थी,पावर जो रईसों के तलुवे चाटा करती थी, पावर जो परिवारवाद की राह पर चलते रहे राजनेताओं की औलादों को तोहफे में बंटती रही। पर यहां ना तो वो खैरात में मिली और ना ही राजनीति की परचून की दुकान से खरीदी गई। उसने दलितों को अपनी पावर बनाया, पावर का मतलब समझाया। नतीजा-आज वो खुद पावर हाउस है। हर कदम पर हार-तीखे वार झेलते रहने के बावजूद पलटवार का गुण बेड़ा पार करता गया। उससे पहले न तो समाज के ठेकेदार दलितों को समाज में बराबर का हक दिला पाए। न हिंदुस्तान सरकार की आरक्षण की खुराक दलितों के हक की सेहत को सुधार पाई और न ही दूसरा कोई दलित नेता उनकी आवाज बनकर गूंज सका। दलित के भी बोल का मोल है इसी शख्सियत ने राजनीति और समाज में यह गोल दागना भी सीखा और सिखाया भी नतीजा आज हर दल के लिए दलित अनमोल हैं। उनके हक की जंग अब समाज के हर तबके के रंग-ढंग में बदल चुकी हैं। भागो नहीं-दुनिया को बदलो की थीम पर उन्होंने राजनीति की ऐसी बीम रखी जिसे हिलाने में आजकल सारी ताकतों के घुटने कमजोर पड़ने लगे हैं। बाजू जवाब देने लगे हैं। यह स्थिति तो तब है जब हर तरफ से वार पर वार हैं। दामन पर बैईमानी के कीचड़ उछल रहे हैं। महारानियों की तरह जन्मदिन मनाने के आरोप लग रहे हैं। संतरी से मंत्री और जनता से नेता तक से उगाई के किस्से उछल रहे हैं। कानून में फांसने के रास्ते निकाल रहे हैं। पर उसे नो प्रोबल्म। हां पीड़ा की कड़वाहट या किसी चोट का गुस्सा उनकी चाल से भी झलकता है और बोल से भी, वोट बैंक लगातार बढ़ता जा रहा है,वोटर का उस पर विश्वास है। यही इस शख्सियत की कामयाबी है और यही विरोधियों का सबसे बड़ा डर है। आज राजनीति में उस जैसा कोई नहीं। या तो ज्यादातर परिवारवाद की कमाई खा रहे हैं या फिर संगठन की। उसने खुद कुंआ खोदा,पानी निकाला,पानी पी भी रही हैं और दूसरों को पिला भी रही हैं। दिल्ली की गद्दी के लिए सब मनाने में लगे हैं। वो जिधर-राजपाट उधर। यूपी हुई हमारी-अब दिल्ली की बारी के नारे का मतलब शायद वो समझ नहीं रहे हैं। इतिहास गवाह है-न तो वो अपनी कमाई पर किसी को हाथ रखने देतीं और न ही कभी घाटे का कोई सौदा करतीं। 2007-08 में उसने 27 करोड़ आयकर अदा किया। मुकेश अंबानी से भी ज्यादा। देश की राजनीति का अनोखा रिकार्ड़। सचमुच माया की माया ही निराली है। जिस पर हाथ-उसकी लाली। चुनाव में क्या होगा देखते रहिए?
मायावती चंदावती देवी
0-15 जनवरी,1956 को दिल्ली में जन्म। पिता परभू दास दूरसंचार के कर्मचारी। माता रामरती। मूलत बादलपुर गांव (गाजियाबाद जिला) निवासी। बीए, बीएड, एलएलबी की शिक्षा कालिंदी कालेज दिल्ली और मेरठ विश्वविद्यालय से। 0-प्रोफेशन-राजनीति, समाज सेवा और वकालत। 77-84 तक दिल्ली प्रशासन के कई स्कूलों में अध्यापन। कांशीराम से जुडाव ,डीएस-4 ज्वाइन। 14 अप्रैल 1984 को बहुजन समाज पार्टी गठित। दलितों और बौद्धों के उत्थान का संकल्प। अध्यापन छोड़ मायावती पूरी तरह राजनीति में। 0-84 में कैराना (मुजफ्फरनगर) लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा-हार। 85 में बिजनौर और 89 में हरिद्वार से फिर लोकसभा चुनाव मैदान में। नतीजा-हार। मसूद अहमद जैसे नेताओं के साथ काम। 89 में पार्टी को 9 फीसदी वोट मिले। इसके बाद दूसरे तबके पर ध्यान। इसी साल पहली बार बिजनौर सीट से संसद में प्रवेश। 91 में कांशीराम की उत्तराधिकारी घोषित। 95 में उच्च सदन में। हरौरा और बिल्सी सीटों से विधानसभा में।0-93 में मुलायम सरकार को समर्थन। रिश्ते खराब। 2 जून 95 को लखनऊ स्टेट गेस्ट हाउस कांड। 3 जून को बीजेपी के समर्थन से पहली बार मुख्यमंत्री की गद्दी पर। सपा नेताओं के खिलाफ 150 से ज्यादा मुकदमें। अब तक छत्तीस का आंकड़ा। 18 अक्टूबर को पतन। 97 में बीजेपी से अनोखी डील। 6 माह बसपा, 6 माह बीजेपी का सीएम होना तय। पहली खुद सीएम। बीजेपी का नंबर आते ही समर्थन वापस। तीसरी बार 2002 में सीएम। एक साल से ज्यादा अवधि तक गद्दी पर। 98 और 99 में अकबरपुर (कानपुर) से लोकसभा में। 04 में फिर उच्च सदन में। 0-2007 में हाथी नहीं-गणेश है, ब्रह्मा-विष्णु-महेश है का नारा। स्वर्णों को टिकट। हर वर्ग का समर्थन। गठजोड़ के दौर में पूर्ण बहुमत की सरकार। बीजेपी और सपा को करारा झटका। यूपी की 23 वीं, 24 वीं, 30 वीं और 32 वीं मुख्यमंत्री।0-लगातार विवादों में। कांशीराम को घर वालों से दूर करने का आरोप। 18 हजार से ज्यादा पुलिस जवानों को निकाला। दर्जनों पुलिस, प्रशासनिक अफसर निलंबित। अमिताब बच्चन के खिलाफ बाराबंकी भूमि केस। अम्बेडकर पार्क और परिवर्तन चौक पर अरबों खर्च। ताज कोरिडोर घोटाले में करप्शन और आय से अधिक संपत्ति के सीबीआई के पास केस। पार्टी फंड और जन्म दिन के नाम पर धन बटोरने के आरोप। इंजीनियर एम के गुप्ता की हत्या से बवाल। वरुण गांधी पर रासुका से फिर विवादित। 0-कांग्रेस, सपा, बीजेपी से बराबर की दूरी। अपने दम पर चुनाव मैदान में। तीसरे मोरचे को भी झटका। बार-बार पार्टी टूटने की परंपरा। राजस्थान में पूरा विधायक दल कांग्रेस में। तमाम देशों की यात्रा। कई किताबें प्रकाशित।