रविवार, 31 मई 2009

मत करो आस-हो जाओगे निराश




देशपाल सिंह पंवार
जनादेश था खींचतान के खिलाफ, गठजोड़ की घटिया राजनीति के खिलाफ, कुशासन के खिलाफ, लूटपाट की करप्ट राजनीति के खिलाफ, अहंकारी नेताओं की मनमानी के खिलाफ,परिवारवाद की बहती धारा के खिलाफ, थके हुए चेहरों के खिलाफ,राजनीति के अपराधीकरण के खिलाफ,देश को डुबोने की साजिश के खिलाफ,बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ,करप्शन के खिलाफ, दुराचार के खिलाफ, अत्याचार के खिलाफ-वोट डालते समय इसके अलावा •भी न जानें क्या-क्या सपनें वोटर ने संजोये होंगे। मनमोहन सिंह जैसे ईमानदार चेहरे से मंदी की मार से निपटने की आस भी लगाई होगी। देश को सही राह पर ले जाने की चाह और •भी ज्यादा जगाई होगी। युवा पीढ़ी ने राहुल गांधी के चेहरे से •भी यह आस जरूर लगाई होगी कि वह इस पीढ़ी और इस देश के दर्द को जरूर दूर करेंगे। 16 मई को नतीजों के दिन यह आस उन लोगों में भी जरूर जगी होगी जो गिरावट की पराकाष्ठा तक पहुंची राजनीति के कारण निराश होकर वोटिंग के दिन घर में बैठे रहे होंगे। सुशासन की आस सबको थी,अब भी है लेकिन उतनी नहीं जितनी 15 दिन पहले थी। कारण कानों को तो बदलाव की आवाज सुनाई दी पर आंखों को बदलाव का अंदाज दूर-दूर तक नजर नहीं आया। 322 सांसदों के समर्थन की सरकार में पदों को लेकर अल्पमत सरकार की तरह ही खींचतान चली। बच्चों की तरह जिद्द करते और रूठकर मुंह चढ़ाते नेता नजर आए। किसी तरह जो कुनबा जुड़ा,वो ना तो सोनिया गांधी का नजर आता, ना उसमें मनमोहन सिंह की छवि नजर आती और ना ही राहुल गांधी के सपनों को पूरा करने वाली फौज के इरादों की झलक मिलती। लाख टके का सवाल यही है कि जिस फौज में परिवारवाद का बोलबाला है, एक दर्जन के आसपास दागी चेहरों हों, तमाम मोरचों पर विफल राजनेताओं का जमघट हो, पद की सबसे ज्यादा दरकार हो,अनेक नेता करप्शन के दलदल में गले तक धंसे हुए हों क्या वो फौज क्रांति कर सकती है? क्या वो फौज सुशासन के जनता के सपनों को पूरा कर सकती है? क्या वो जनता की आस में पास हो सकती है? इससे बड़ा सवाल यह भी है कि जिस फौज के जवानों की औसत आयु 57 साल हो वो फौज 20-25 साल की युवा कौम का बेड़ा पार कैसे करेगी? इस बार महज ये सब सवाल नहीं हैं। छत में सांप बताकर इन सबसे छुटकारा •भी नहीं पाया जा सकता है। जनादेश के पीछे की गहराई को सरकार को समझना होगा और उसकी मंशा को पूरा भी करना होगा। अरसे बाद जनता ने यह दिखाया है कि शरीफ लोग भी राजनीति में आ सकते हैं,कर सकते हैं। उनकी सफलता इस धारा को तेज करेगी लेकिन अगर वे हारे तो यह उनकी नहीं, जनता की नहीं, राजनीति की भी नहीं बल्कि लोकतंत्र की हार होगी। आर्थिक नीति, विदेश नीति, रक्षा नीति,व्यापार नीति, शिक्षा नीति, स्वास्थ नीति, रोजगार नीति, सुरक्षा नीति, न्याय नीति जैसे तमाम मसलों के साथ-साथ सरकार को जनता की बेहतर राज-बेहतर काज-बेहतर आज की चाह की राह को •भी और बेहतर करना ही होगा। अगर श्रीमती सोनिया गांधी यह कहती हैं कि या तो काम करो या जगह खाली करो तो वो गलत नहीं कहतीं। वो जानती है कि इस बार का जनादेश करो या मरो के लिए है। इसी वजह से सरकार ने सौ दिन का एजेंडा घोषित कर दिया है। सारे मंत्री उसे पूरा करने में जुट •भी गए हैं। धड़ाधड़ मनमोहक ऐलान करने लगे हैं। जताने लगे हैं कि वे सारी तस्वीर बदलकर रहेंगे। वे क्या और किस तरह नई तदबीर लिखेंगे यह तो समय बताएगा लेकिन मनमोहन सिंह के कुनबे की हालत को देखकर इनकी चाल-ढाल पर शंका जरूर पैदा होती है। मनमोहन सिंह की काबलियत पर शक नहीं किया जा सकता लेकिन जिस टीम की कप्तानी उन्हें मिली है उससे नतीजे सौ फीसदी आशानुरूप मिलेंगे यह दावे से नहीं कहा जा सकता। पुराने मुख्यमंत्रियों को ही ले लीजिए। अगर वीबीसिंह अपने राज्य में कांग्रेस को नहीं जिता सकते, पांच बार मुख्यमंत्री रहने के बावजूद हिमाचल का कल्याण नहीं कर सकते तो इस्पात मंत्रालय में क्या तीर मारेंगे? अगर विलासराव देशमुख मुंबई या देश की आन की रक्षा नहीं कर सकते तो फिर किस तरह हैवी उद्योग चलायेंगे? फारुक अब्दुल्ला जैसा नाम अक्षय उर्जा जैसे महकमे में क्या करेगा? एम के अड़गिरि को ना हिंदी आती और ना अंग्रेजी पर वे रसायन और उर्वरक चलायेंगे? श्रीप्रकाश जायसवाल 12 वीं पास हैं पर कोयला महकमा चला सकते हैं? दिनशा पटेल 10 वीं पास हैं पर लघु व मध्यम उद्योग महकमा चलाएंगे? ए साई प्रताप भी 12 वीं पास हैं, इस्पात महकमा चलाएंगे? मुकुल राय 12 वीं पास हैं जहाजरानी महकमा चलाएंगे? एस जगतरक्षकन दसवीं पास हैं, सूचना प्रसारण जैसा डिपार्टमेंट देखेंगे? अगर इस देश में 10 वीं और 12 वीं पास को चपरासी की नौकरी नहीं मिल सकती और वो किसी महकमे का बड़ा बाबू नहीं बन सकता तो आखिर इतने कम पढ़े-लिखे नेता किस तरह ये महकमे चला सकते हैं? सवाल यह भी है कि 80 के दशक से अब तक राजनीति में तमाम बार मुंह की खाने वाले चेहरे किस तरह जनता का कल्याण कर सकते हैं? सवाल यह भी पैदा होता है कि सरकारी नीति के तहत अगर कोई शख्स 58 या 60 साल की उम्र में फाइल का बोझ उठाने लायक नहीं रहता तो फिर वो इससे कहीं ज्यादा उम्र में किस तरह एक डिपार्टमेंट चला सकता है? क्या इस टीम के सहारे मनमोहन सिंह जनादेश की लाज रख पाएंगे? क्या ये टीम राहुल की सोच को क्रांति का अमलीजामा पहना सकती है? तमाम चुनौतियां सरकार के सामनें खड़ी हैं। अंदर और बाहर दोनों ओर से। उन पर सरकार को काफी काम करना है। यह तब हो सकता है जब सरकार सही काम •भी करे और सही दिशा में जाने का संदेश •भी जनता तक पहुंचाए। दूसरी पारी की ओपनिंग साझेदारी तो हिट विकेट हो चुकी है। अगली पर सबकी निगाह है। सरकार में शामिल सहयोगियों के अपने एजेंडे हैं। बाहर से समर्थन दे रहे दल और करप्शन के दलदल में डूबे उनके नेता भी सरकार से राहत की चाहत रखते हैं। मनमानी में विश्वास रखने वालों की आरती उतारने वाली किसी सरकार से सुशासन की आस बेमानी है। देखना है कि मनमोहन सरकार आगे कौन सी राह पर चलती है? नेहरू की, इंदिरा की, राजीव की, सोनिया की,राहुल की, मनमोहन की, गठजोड़ की विवशता की या फिर जनता की चाह की। राजधर्म के प्रति कर्म का पैमाना तय करेगा कि ये देश सही हाथों में है। सही राह पर है। अगर जनहित पर सरकार खरी नहीं उतरी तो सवाल यह भी पैदा होगा कि अगर ओबामा डेढ़ दर्जन मंत्रियों के साथ अमरीका को चला सकते हैं। दो दर्जन मंत्रियों से ब्रिटेन चल सकता है तो फिर 79 नेताओं पर खजाना लुटाने का क्या मतलब?

चाह का दौर

देशपाल सिंह पंवार
इस समय देश में चाह का दौर है। लोकतंत्र को सुरीला साज,जनता को सुराज, नेताओं को ताज,सोनिया को काज,मनमोहन को बेहतरीन राज और यूपीए को मनमोहन ब्रिगेड पर नाज की चाह है। पर लाख हल्ला मचाने के बावजूद जिस देश की संसद में 153 दागी फिर सांसद बनकर आ बैठे हों क्या वहां ऐसा कोई काज होगा जिस पर नाज किया जा सके? मनमोहन सिंह जैसे पीएम या कहा जाए सज्जन नेता की टीम में नौ दागी मंत्री बन गए हों वहां सुरीला साज बजेगा या फिर जनता के अरमानों पर गाज गिरेगी यह महत्वपूर्ण सवाल है? हैरत तो इस बात की है कि इन नौ में से सात कांग्रेसी हैं। यानि दबाव की राजनीति का चक्र केवल सहयोगी दलों ने ही नहीं घुमाया अपनों ने भी उसका इस्तेमाल किया। जनता सब जानती है। वह यह भी समझ गई है या जल्दी ही समझ जाएगी कि इन चेहरों को लेने के पीछे आखिर कांग्रेस की कौन सी मजबूरी थी? शायद कांग्रेस फिलहाल दागी तो झेल सकती है लेकिन ऐसे जनादेश के बावजूद बागी झेलने का माद्दा पार्टी में फिलहाल पैदा नहीं हो पाया है। जब तक ये दम देश की इस सबसे बड़ी पार्टी में पैदा नहीं होगा तब तक साफ सुथरे शासन की सौ फीसदी उम्मीद करना बेमानी है। तब तक जनता के सुराज के सपने बेमानी हैं। सब जानते और मानते हैं कि कांग्रेस की जीत में बहुत बड़ा रोल मनमोहन सिंह की साफ सुथरी छवि और राहुल गांधी की कं्रातिकारी परिवर्तक की पैदा आस का है। ऐसे में जनता इस बार यूपीए सरकार को पहले से भी ज्यादा सफल देखना चाहती है। जनता का ऐसा सोचना और चाहना गलत नहीं है। लेकिन मनमोहन सिंह की पूरी ब्रिगेड पर अगर निगाह डाली जाए तो ये दोनों रेखांकन छोटे होते ही नजर आते हैं। तमाम ऐसे चेहरे और नाम हैं जो समय-समय पर फ्लाप साबित होते आए हैं पर राजनीति में टिके हुए भी हैं और यह भी एहसास कराने में सफल हैं कि देश की राजनीति उनके बिना नहीं चल सकती। कांग्रेस उनके बिना पैर नहीं उठा सकती। नौ पुराने मुख्यमंत्री में से अगर एक-दो को छोड़ दिया जाए तो बाकी ने अपने-अपने राज में किस तरह काज किया इसके बारे में सब जानते हैं। वहां विफल और यहां वे सफल होंगे इस बात की क्या गारंटी है? तमाम सहयोगी दलों के अपने-अपने एजेंडे हैं। वे अपने हिसाब से ही फैसले लेंगे। इस पर गठजोड़ की मजबूरी कैसे अंकुश लगाएगी? सबसे बड़ा सवाल यही है कि ऐसे में सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह के इस अल्टीमेटम के क्या मायने कि या तो काम करो या जगह खाली करो? क्या ये दोनों नीति निर्धारक ये मान चुके हैं कि टीम के कुछ खिलाड़ी न केवल जीरो पर आउट होंगे बल्कि दूसरों को रन आउट भी करायेंगे? मिशन बड़ा है। जबाबदेही पिछले राज से ज्यादा है। जनता की चाह ज्यादा है। युवाओं के सपने पूरे करने की गरज ज्यादा है। पर मनमोहन का कुनबा और पदों की बंदरबांट ज्यादा आस नहीं जगाती। इसके बावजूद अगर जनता की आकांक्षा पर पूरी टीम को खरा उतारने में मनमोहन सिंह सफल हो जाते हैं तो फिर यकीन मानिए कि यह एक चमत्कार होगा। फिर कोई उनका सामने दूर-दूर तक खड़ा भी नहीं हो पाएगा। मनमोहन सिंह ऐसा कर सकते हैं यह सबको आस है।

जायका खराब

देशपाल सिंह पंवार
जनता ने जिस जोश के साथ यूपीए या कहा जाए हाथ का साथ दिया था वो सारा जोश 10 दिन में ही ठंडा हो गया है। मंत्री पद के लिए ऐंठना, मलाईदार महकमों के लिए मुंह चढ़ाना और मनमोहन सिंह तथा सोनिया गांधी पर हर समय दबाव डालने का खेल धमाकेदार वापसी का सारा जायका बिगाड़ चुका है। हैरत तो इस बात की है कि इस खेल में तमाम कांग्रेसी भी शामिल हैं। ये वो नेता हैं जो दिन-रात गांधी परिवार के बलिदान की मिसाल देते हैं। सोनिया गांधी और राहुल गांधी की जय-जयकार करते हैं और सारी जीत का श्रेय भी उन्हें ही देते हैं लेकिन जब पद की बारी आती है तो वो भी गठजोड़ के दूसरे साथी दलों की कतार में खड़े नजर आते हैं। ये कांग्रेसी क्यों भूल जाते हैं कि सोनिया गांधी ने 2004 में प्रधानमंत्री की गद्दी को ठुकराने में 10 मिनट से ज्यादा नहीं लगाए थे। वे चाहती तो इस बार भी प्रधानमंत्री बन सकती थीं पर उन्हें पद से ज्यादा इस परिवार की गरिमा और देश की जनता का ख्याल है। हो सकता है ऐसे कांग्रेसियों की याददाश्त कमजोर हो। पांच साल पहले की बात उन्हें याद ना हो पर कम से कम राहुल गांधी की मंत्री ना बनने की बात को तो ज्यादा रात नहीं बीती हैं, क्या ये भी इन कांग्रेसियों को याद नहीं? इस मामले में तारीफ करनी होगी दिग्विजय सिंह की-मध्यप्रदेश में कांग्रेस की हार के बाद उन्होंने दस साल मंत्री पद ना लेने की जो कसम ख्रायी थी उस पर वो अडिग हैं। पर बाकी कांग्रेसियों को पद चाहिए, इसके लिए वे किसी भी सीमा तक जाने की हैंकड़ी तक दिखा रहे हैं। सत्ता की चाह के इस खेल ने मीडिया और विशेषज्ञों के उन दावों की पोल भी खोल दी है जिसमें कहा गया था कि इस जनादेश के बाद जोड़-तोड़ और गठजोड़ की राजनीति के दिन लद जाएंगे। 16 मई को नतीजों के बाद लगातार इस देश में गद्दी की जोड़-तोड़ की रोड पर ही राजकाज बहक रहा है। पदों पर इतनी फजीहत तो पांच साल पहले भी नहीं हुई थी। इस एपिसोड से इस बात का एहसास फिर होने लगा है कि दशकों का यह मर्ज देश की राजनीति से आसानी से नहीं जाने वाला। इसमें कोई दो राय नहीं कि नेतागिरी की आखिरी मंजिल ताज ही होता है लेकिन यह भी सच है कि वो सबको नहीं मिल सकता। जिस तरह की टीम बनी है उससे सीधे-सीधे यह जरूर लग रहा है कि मनमोहन सिंह को पसंद की टीम मिली है पर हकीकत यही है कि दबाव की राजनीति के माहिर खिलाड़ी कितना कप्तान को सपोर्ट करेंगे यह देखने वाली बात होगी? उत्तर प्रदेश, बिहार जैसे राज्यों को ज्यादा प्रतिनिधित्व ना मिलना भी आने वाले समय में सिरदर्द कर सकता है। दक्षिणी राज्यों का असर हिंदी राज्यों में कांग्रेस के लिएअच्छा संकेत नहीं माना जा सकता। मनमोहन सिंह की दूसरी पारी का आगाज तो ठीक नहीं हुआ है,देश हित में आगे का अंदाज बेहतर हो फिलहाल यही दुआ करना बेहतर रहेगा।