मंगलवार, 7 अप्रैल 2009

बदजुबान राजनेता


देशपाल सिंह पंवार
राज ठाकरे मराठियों के अलावा किसी को देखना पसंद नहीं करते। बाल ठाकरे हिंदू राष्ट्र के अलावा बात नहीं करते। वरुण गांधी आंख दिखाने वालों के हाथ-पैर काटने की बात करते हैं। कर्नाटक का अंजाना सा बीजेपी विधायक हिंदुत्व के खिलाफ बोलने वालों का सिर काटने की बात करता है। ढेरों नामचीन मस्लिम नेता ऐसे मामलों को सांप्रदायिकता की चाश्नी में डुबोकर अपनी नेतागिरी चमकाना चाहते हैं। मेनका गांधी मायावती को कातिल बताती हैं। मायावती पलटवार में मां के असली रोल की परिभाषा समझाती हैं। लालू प्रसाद सबकों पीछे छोड़ते हुए वरुण गांधी पर बुल्डोजर चलवाने की बात करते हैं। आखिर गांधी के इस देश में ये चल क्या रहा है? ये कौन सी राजनीति की धारा बह रही है? ये नेता क्यों इस देश का बेड़ा गर्क करने पर तुले हुए हैं? आज कोई भी शख्स पोल की ढोल के इन जहरीले बोल को सही नहीं ठहरा सकता। जो हो रहा है अगर वो सही नहीं है तो फिर अब समय आ गया है कि ऐसे फैलते जहर पर तुरंत कानून का भी कहरबरपे और जनता का भी,लालू की गिरफ्तारी एक सबक होगी लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। लाख टके का सवाल यही है कि अगर वरुण गांधी पर रासुका लग सकती है तो फिर लालू पर क्यों नहीं? इसी तरह दूसरे अन्य घटिया सोच वाले नेताओं पर क्यों नहीं? अगर चुनाव के दौरान इनकी मानसिकता ऐसी है तो सोचिए ये कैसा देश चलाते होंगे? जनहित की इनसे उम्मीद करना ही बेमानी है। हकीकत यही है कि ये जनसमर्थन के सहारे ही इस तरह के बेलगाम हो गए हैं। जनता की भावनाओं और विश्वास पर बुल्डोजर चला रहे हैं। अब समय आ गया है कि जनता •भी अपना असली फैसला सुनाए। अगर कानून के हाथ सीमा में बंधे हैं तो जनता के तो खुले हैं। अगर सजा की प्रक्रिया बरसों चलेगी तो जनता की कोर्ट तो सज चुकी है। अगर चुनाव आयोग विवश है तो जनता तो बेबस नहीं है। अगर ये सारे नेता गांधी के तीनों मूल मंत्र को भूलकर सारे तंत्र को चौपट करने पर आमादा हैं तो यही सही समय है जनता इन सबको कड़वे सच का एहसास कराए। इन्हें संसद की राह ना दिखाए। अगर ऐसा हुआ तो यह तय है कि फिर किसी की जहर उगलने की हिम्मत नहीं होगी। वही होगा असली लोकतंत्र-असली जनमत-असली गांधी का देश। वरना...

1 टिप्पणी: