रविवार, 17 मई 2009

गांधी परिवार की आंधी



देशपाल सिंह पंवार
जय हो- समय की,हिंदुस्तान की,लोकतंत्र की, जनता की,युवा पीढ़ी की,सकारात्मक सोच की, काम की, कांग्रेस की, गांधी परिवार की,मनमोहन सिंह व राहुल गांधी की-जो कहना चाहें कह सकते हैं। जिस तरह और जिस अंदाज में जनता ने हाथ का साथ दिया है, अपना हाथ-जगन्नाथ की कहावत को सच ठहराया है, गद्दी की रेस में कांग्रेस के फेस को चमकाया है,तथा विपक्षियों के सारे अरमानों को ठेस पहुंचाई है, उसके लिए सारे शब्द कम पड़ सकते हैं। सरदार फिर सरदार है। कांग्रेस का बेड़ा पार है और विपक्षियों तथा मीडिया के चेहरे शर्मसार हैं। कांग्रेस फिर सरकार बनाने को तैयार है और वो भी इस तरह जिसके बारे में किसी ने नहीं सोचा था। कोई यह मानने को तैयार नहीं था कि यूपीए गठजोड़ 200 की संख्या पार कर पाएगा लेकिन इस फिगर से ज्यादा पर अकेले कांग्रेस ने झंडा फहराकर हर दल पर अपनी बादशाहत साबित कर दी। सबके अरमानों पर पानी फेर दिया है। प्रधानमंत्री बनने और सत्ता की मलाई की कमाई खाने वालों के सपनों को चकनाचूर कर दिया है। वो चाहे जादुई फिगर से दूर रह गई हो पर राज उसी का है। ताज उसी का है। साज उसी का है। काज उसी का है। विरोधियों पर गाज और जनता पर नाज का हक उसी को है। छत्तीसगढ़ और बिहार को अगर छोड़ दिया जाए तो बाकी सारे देश में हाथ और उसके साथ ने विरोधियों को ऐसी मात दी है कि इसका पोस्टमार्टम करने में ही 2009 निकल जाएगा। हो सकता है फिर भी वे किसी नतीजे पर ना पहुंच पाएं। सिर उठाकर ना चल पाएं। लाख टके का सवाल यही है कि आखिर जब पूरा देश, मीडिया, नेता और दल विखंडित जनादेश का रोना रो रहे हों , देश में राजनीतिक अस्थिरता का डर जता रहे हों, फिर जल्द ही चुनाव की बात कह रहे हों तो ऐसे माहौल में आखिर कांग्रेस इस तरह का प्रदर्शन करने में कामयाब कैसे हो गई? आखिर वे कारण क्या रहे कि जनता ने सारे कयासों, दावों की हवा निकाल दी और कांग्रेस को फिर उस शाही अंदाज में सत्ता पर बिठा दिया जिसके बारे में वे पिछले 18 साल से सोच भी नहीं पा रहे थे, करना और पाना तो दूर की कौड़ी नजर आ रही थी। अगर इसकी तह में जाया जाए तो इसके कई कारण हैं। गांधी परिवार का नाम,मनमोहन सरकार का काम, किसानों को फसल का दाम, जनहित की योजनाओं में सारा अवाम, सरकार के एजेंडे पर आदमी आम, आतंकी गतिविधियों पर लगाम, महंगाई जाम ने जनता की भा वनाओं पर बाम लगाने का काम किया, जिससे इस सरकार की इनिंग की शाम नहीं हो पाई। यह मानना पड़ेगा। इसके अलावा जनता जोड़-तोड़ की राजनीति से भी तंग आ गई थी। रोज लोकतंत्र का जिस तरह चीरहरण हो रहा था उसका इलाज जनता के ही पास था और उसने बखूबी किया। किसी को पता भी नहीं चलने दिया। पता चला तो ऐसा झटका दिया कि सब सिसकते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस की सकारात्मक और बीजेपी की नकारात्मक सोच ने भी वोटर पर गहरी छाप छोड़ी। सोनिया गांधी और राहुल गांधी जैसे चेहरों के बावजूद चुनाव के दौरान कांग्रेस ने लगातार मनमोहन सिंह के चेहरे को आगे करके आम आदमी की बात की। जनता के हितों की बात की। रोजगार की बात की। अपने किए हुए काम गिनाए और आगे वे क्या-क्या करेंगे इसके इरादे जताए। इसकी ठीक उलट चाल बीजेपी ने चली और तीसरे मोर्चे या कहा जाए लेफ्ट फ्रंट ने •भी ,बीजेपी राम का नाम लेने लगी। वादों के जरिए अपने इरादे जताने की बजाय कमजोर प्रधानमंत्री का रोना रोने लगी। खाली पेट न तो किसी को कोसा जाता है और ना ही राम का नाम सुहाता है। यह छोटी सी बात बीजेपी की समझ में नहीं आई। हैरत की बात है कि एल के आडवाणी जैसे नेता नकारात्मक फोबिया के शिकार हो गए । अपनी उम्र और तजुर्बे के बावजूद उन्होंने मनमोहन सिंह पर कमजोर प्रधानमंत्री के जिस तरह और जितने तंज कसे, 10 जनपथ की गुलामी के ताने मारे, इस नकारात्मक सोच से मनमोहन सिंह को हमदर्दी भी मिलती गई और फोकट की पब्लिसिटी भी, मुंबई कांड समेत सब हमलों और महंगाई आदि मसलों के लिए मनमोहन सिंह पर ताबड़तोड़ हमलों की बात उस जनता को हजम नहीं हुई जो आडवाणी समेत सब बीजेपी नेताओं को कंधार में आतंकवादियों को छोड़ने का दर्द झेल चुकी है। वो जानती है कि इसी कर्म का मर्म वो झेल रही है। इसके बावजूद हैरत इस बात की भी है कि इस पार्टी ने अपनी सबसे बड़ी हार को ही अपने विज्ञापनों की थीम बनाया। कंधार की मार के बीच मजबूत सरकार का नारा कैसे फिट बैठ सकता था? कांग्रेस की जीत में सबसे बड़ा रोल अल्पसंख्यक वोटर ने प्ले किया। विवादित ढांचा गिरने के बाद इस वोट बैंक ने हाथ का साथ छोड़ दिया था लेकिन मुलायम-कल्याण की दोस्ती ने उत्तर प्रदेश में रंग खिलाया, बीजेपी शासित राज्यों में डर ने असर दिखाया, दक्षिणी राज्यों में काम और स्थिर सरकार की चाह ने रंग जमाया-नतीजा 18 साल बाद अल्पसंख्यक वोटर ने फिर कांग्रेस का हाथ पकड़ा। उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में ऐसी सफलता का यह भी कारण है। राहुल गांधी फैक्टर को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। देश में 10 करोड़ से ज्यादा युवा पहली बार वोटर बने। ये वो पीढ़ी है जो 20 साल पहले पैदा हुई। इसने न कांग्रेस के अवगुण देखे और न ही पुराने चेहरों में उसकी कोई दिलचस्पी थी। ये ग्रुप जब जवान हुआ तो देश में मनमोहन के राज में आर्थिक उदारवाद की लहर देखी, राहुल गांधी की तस्वीर में अपनी झलक देखी, मंदी और बेरोजगारी की पीड़ा से छुटकारा दिलाने वाली बेहतर तस्वीर देखी। इसी सरकार में अपनी बेहतर तकदीर देखी। उन्हें विपक्षी दलों के एजेंडे भी उनके घिसे-पिटे नेताओं जैसे ही नजर आए। ऐसे में युवा पीढ़ी राहुल के लिए वोट करती नजर आई। खासकर यूपी में। जहां कांग्रेस फिर जिंदा हो गई। यही अंतर उसके प्रदर्शन से साफ झलक रहा है? इसके अलावा राजद-लोजपा,सपा, राकांपा जैसे सहयोगियों द्वारा आंख दिखाने की रणनीति ने कांग्रेस का फायदा ही किया। उसने साथ नहीं छोड़ा। बिहार में चाहे कांग्रेस को इस बार ज्यादा फायदा ना मिला हो पर वहां वो जिंदा हो गई है और अगले एसेम्बली चुनाव में इसका असर साफ दिखेगा। अकेला चलो की राहुल की सोच ने विरोधियों की चाल में लोच तो पैदा कर ही दी है। इस बार के नतीजों ने और भी कई संदेश छोड़े हैं। सोनिया का विदेशी मूल का मुद्दा अब हमेशा के लिए खत्म। वामदलों की ऐंठ खत्म। सौदेबाजी की राजनीति खत्म। अस्थिर राजनीति का दौर खत्म। वोटर को बेवकूफ मानने की सोच खत्म। लालू-मुलायम की हैंकड़ी खत्म। मायावती, शरद पवार और करात की पीएम बनने का सपना खत्म। आडवाणी की राजनीति खत्म। बीजेपी की कथित एकता खत्म। तमाम कयासबाजियों का दौर-विखंडित जनादेश का शोर मचाने वालों को जनता व शनिचर महाराज ने एक झटके में ही ऐसा बोर किया है कि उन्हें दूर-दूर तक ये क्या हुआ,कैसे हुआ की डोर पकड़ में नहीं आ रही है। डोर उन हाथों से भी छूट गई है जो राजनीति को अपने हिसाब से हांकना चाहते थे। 2-2,4-4 सीटें जीतने वाले नेता और दल जिस तरह राजनीति की धारा को जोड़-तोड़ के जुगाड़ से गंदा करने में जुटे हुए थे, अब गद्दी की चाह की कंटीली राह पर आह करते नजर आ रहे हैं। सौदेबाजी, कलाबाजी, दगाबाजी और नौटंकीबाजी की कमाई खाने वाले ऐसे नेताओं को अब जनता की सोच की थाह समझ में आ रही होगी। ये कांग्रेस की जीत से ज्यादा उनकी हार है। जनता को बेवकूफ समझने की उनकी सोच की हार है। ये मीडिया की हार है। जिताना और हराना जनता का काम है लेकिन देश के मीडिया ने इसका ठेका ले लिया है। एक- दूसरे के पीछे चलने की बीमारी और अपने फायदे के लिए किसी की भी तरफदारी उसकी विश्वसनीयता पर कितनी भारी पड़ सकती है, इन नतीजों को जनता के सामने परोसने के बाद उन्हें इस पर मंथन जरूर करना चाहिए। चुनावी प्रक्रिया के जरिए मंथन से जो जनादेश निकला है वह इस बात को भी साबित करता है कि इस देश में लोकतंत्र की जड़ें बेहद मजबूत हैं। फिलहाल स्थाई सरकार देने के साथ-साथ खजाने बचाने के इस जनादेश को सलाम। अब कांग्रेस की बारी है, राहुल गांधी की पारी है-वो इस देश को फिर बुलंदियों पर लेकर जाए। युवा सपनों में ऐसे रंग संजोए जिससे देश फिर सोने की चिड़िया कहलाए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें