मंगलवार, 5 मई 2009

लंबी रेस का घोड़ा


देशपाल सिंह पंवार

कई खूबियां हैं। अर्थशास्त्र का जानकार है। विकास का कथाकार है। तकनीक का सूत्रधार है। अच्छा रणनीतिकार है। तीसरे मोरचे का हिदायतकार है। वो बेहद कम बोलता है। शायद इसी वजह से बिना सोचे-समझे कोई काम नहीं करता। बिना कागज पर प्लान बनाए हाथ नहीं डालता। किसी की गलत बात नहीं मानता। अगर हां कह देता है तो साथ नहीं छोड़ता। मुंह नहीं मोड़ता। जहर भी नहीं घोलता। दूसरे राजनेताओं की तरह किसी की पोल नहीं खोलता। वो आंध्र की परंपरागत ड्रेस भी नहीं पहनता फिर भी अपनों को अनफ्रेश नहीं लगता। वो अर्थशास्त्री बनना चाहता था पर वैज्ञानिक लगता है। वो ना तो कपड़ों से नेता लगता और ना ही शक्ल से पर हां अक्ल से वो बड़े-बड़े नेताओं को मात दे जाता है। पीचडी करते ही रामाराव की नजर को भी गया। दामाद बन गया। काबिल था-राजनीति में आ गया। शुरूआत तेलुगु देशम से नहीं कांग्रेस से की। 28 साल में विधायक बन गया। 30 साल में मंत्री बन गया। 33 की उम्र में हारा तो ससुर की पार्टी में महासचिव बन गया। फिर जीता और आंध्र का सर्वाधिक सफल वित्त मंत्री बन गया। वो जानता था कि ससुर की इस पार्टी का वारिस वही होगा। धीरे-धीरे पार्टी में पकड़ मजबूत होती गई। ससुर को खतरा नजर आने लगा पर इससे पहले की दूसरी पत्नी को राजपाट सौंपते, दामाद ने बगावत कर दी। ससुर को झुकना पड़ा। सीएम बन गए। उसने आंध्र को हाई टेक बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। विजन 2020 को अपनाया। हर गांव-हर गली का चक्कर लगाया। हर जगह कंप्यूटर नजर आया। इसमें कोई दो राय नहीं कि आंध्र आज जिस स्थिति में दिखता है इस नेता का खास रोल है। पर वो फीलगुड वालों के साथ रहते-रहते इसी फोबिया का शिकार हो गया। अर्थशास्त्र का मास्टर होने के बावजूद वो उस सिद्धांत को बिसरा गया जिसके तहत संतुलन सर्वोपरि है। उसकी सोच से घरों, दफ्तरों में तकनीक क्रांति तो आई पर खेत में अशांति पैदा हो गई। कंप्यूटर से पेट नहीं चलते , यह बात जब तक वो समझते या उसकी कोर टीम समझाती तब तक देर हो चुकी थी। उसकी हाईटेक प्रणाली के आंध्र में फ्यूज उड़ चुके थे। लेकिन वो उन नेताओं में से कदापि नहीं रहा जो एक हार के बाद गुमनाम हो जाते हों। एक गलती बार-बार दोहराते हों। वैसे भी आंध्र में रहते केंद्र की राजनीति में उसका पूरा दखल रहा है। गरजमंद राजग ने जब दामन फैलाया तो इस नेता ने भी हाथ बढ़ाया। बरसों तक साथ निbhaya ,गुजरात में खून बहाया गया और जीत ने दामन छुड़ाया तो ही इस नेता ने हाथ झटकाया। अब वो फिर उसी तीसरे मोरचे की ओर है जिसकी जब-जब बात उठी तो उसका चेहरा हमेशा नजर आया। उसके साथ मुलायम भी है तो लालू भी , उसके साथ करात है तो जयललिता भी । उसके साथ शरद पवार है तो देवेगौड़ा भी, उसके नाम पर जया भी मुंह नहीं बनाती। माया भी मुंह नहीं चढ़ाती। ममता भी नहीं चिढ़ाती। बीजेपी भी उसे नहीं दुत्कारती। ऐसे में वो चाहे इस बार आंध्र का राजपाट पाने को जान लड़ाए बैठा हो पर कौन जाने इतने चेहरों की पीएम की रेस का विजेता ये दाढ़ीवाला फेस ही बन जाए? यहां तो किस्मत ने ऐसे-ऐसों को दिया है, वैसे-वैसों को दिया है फिर ये तो काबिल है। तो इस बार ध्यान से देखते रहिए तीसरे मोरचे के इस सदाबहार चेहरे की दिशा और दशा।
नारा चंद्रबाबू नायडू
0-आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में चंद्रागिरी के पास एक गांव नारावारीपल्ली में 20 अप्रैल ,1950 को जन्म। श्री वैंकटेशवरा विवि तिरुपति से अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री। फिर पीएचडी। इसके तुरंत बाद राजनीति में प्रवेश। कांग्रेस ज्वाइन। एनटीरामाराव की बेटी नारा बुवनेश्वरी से शादी। एक बेटा नारा लोकेश। 78 में चंद्रागिरी सीट से ही आंध्र सदन में। 80-83 के बीच टीए अंजैय्या सरकार में दर्जन भर महकमों के मंत्री। 83 में चुनाव हारे। कांग्रेस से इस्तीफा। एन टी रामाराव की पार्टी तेलुगु देशम सत्ता में। नायडू पार्टी के महासचिव नियुक्त। 89 में कुप्पम सीट से विधायक बने। 94 में फिर इसी सीट से 57 हजार मतों से जीते। रामाराव कैबिनेट के वित्त मंत्री। सर्वाधिक सफल। पार्टी पर नियंत्रण। 95 में ससुर के खिलाफ बगावत। रामाराव की दूसरी पत्नी लक्ष्मी पार्वती को लेकर रिश्ते खराब। आखिर में नायडू को समर्थन देना पड़ा और एक होटल में 1 सितंबर,95 को उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद 04 तक वे इस पद पर रहे। सर्वाधिक समय तक राज करने वाले सीएम। राजग में रहने और किसानों की आत्महत्या की वजह से कांग्रेस सत्ता में। इस समय विपक्ष के नेता। 03 में नक्सलियों के हमले में बाल-बाल बचे। कई मंत्रियों समेत घायल। उनके राज में आंध्र में तकनीक क्रांति। 2020 विजन पर काम। हर क्षेत्र में सुधार। हाईटेक सीएम माने गए। वर्तमान सीएम वाई राजशेखर रेड्डी की पांच साल की मेहनत रंग लाई। नायडू ने वक्त की नजाकत को समझा। अब वामदलों व टीआरएस से गठजोड़। आंध्र चुनाव के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर राजग को छोड़ा। बीजेपी को गहरा झटका। फिर सत्ता में आने की उम्मीद। तीसरे मोरचे के प्रमुख नेता।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें