
देशपाल सिंह पंवार
ताज का असली साज तो 16 मई को बजेगा पर ठीक एक हफ्ते पहले जिस तरह लुधियाना में राजग के नौ दलों का कुनबा जुटा और उसमें सबने हाथ में हाथ लेकर साथ रहने का झंडा फहराया, हाथ को गरियाया,उसने सरकार बनाने की कांग्रेसी राह पर और कांटे भी बिछा दिए हैं और तीसरे मोरचे की सत्ता की चाह पर भी गाज गिरा दी है। जोड़-तोड़ की रोड़ पर सत्ता की होड़ में यह रैली राजग के लिए निर्णायक मोड़ साबित होगी इसमें कोई दो राय नहीं। इस रैली में किसने क्या कहा यह महत्वपूर्ण नहीं था। रैली का पंजाब में होना और इसमें कौन-कौन चेहरे शामिल हुए यह ज्यादा महत्वपूर्ण था। इस रैली को पंजाब में कराने के पीछे जो निहितार्थ छिपे हुए थे वो ज्यादा मायने रखते थे। इसमें बीजेपी पूरी तरह कामयाब रही है। पंजाब में चुनाव सिर पर हैं। दिल्ली दंगों का जिन्न बोतल से बाहर है। ऐसे में सरदार प्रकाश सिंह बादल के घर में राजग के कुनबे के जुटने से ना केवल बीजेपी और अकाली दल और ज्यादा बेहतर प्रदर्र्शन की अब आस कर सकते हैं बल्कि पंजाब के इस सरदार को लेकर तीसरे मोर्चे की घुड़दौड़ भी खत्म हो जाएगी। राजग की फसल और ज्यादा हरियाली नजर आएगी। इस मंच ने उन दलों व नेताओं की और भी कई गलतफहमियों, कई उम्मीदों को धूल में मिला दिया है जो कुछ चेहरों को लेकर आस लगाए बैठे थे। जो यह कहते घूम रहे थे कि वे उनके साथ हैं। मंच पर बीजेपी नीत सब राज्यों के मुख्यमंत्री तो थे ही पर नरेंद्र मोदी के साथ एक ही मंच पर नीतीश कुमार का बैठना सबसे बड़ी खासियत रहा। उनके आने पर ही सबकी निगाहें टिकी थी। नीतीश हमेशा बीजेपी के साथ रहे पर गुजरात दंगों के बाद मोदी के साथ कदापि किसी राजनीतिक मंच पर नहीं बैठे। बिहार में चुनाव के दौरान भी वे साफ बीजेपी को अल्टीमेटम दे देते थे कि बिहार में मोदी की कोई रैली नहीं होनी चाहिए। ऐसे में जब हर दल नीतीश को अपने साथ चाहता है उनका मोदी के साथ बैठना इस बात का संकेत ही नहीं साफ-साफ संदेश है कि कोई उन्हें लेकर गलतफहमी में ना रहे। उन्होंने राजग के लिए वोट •भी मांगे। रैली की दूसरा सबसे बड़ा पहलू रहा-तेलंगाना राष्ट्रसमिति के नेता चंद्रशेखर राव का आना। उन्हें कल तक तीसरे मोर्चे का समर्थक माना जाता था पर अब वे राजग के साथ हैं। इसके अलावा कुछ और ऐसे नेता भी मंच पर साथ-साथ रहे जो कल तक एक दूजे के साथ बैठना पसंद नहीं करते थे। रैली में मनमोहन सिंह और राहुल गांधी पर जुबान के वार चले पर रैली का असली वार जहां बीजेपी को करना था वहां वो कर चुकी है। पांचवे दौर के सेमीफाइनल और आखिरी दौर के फाइनल से ठीक पहले के इस प्रदर्शन ने राजग की सत्ता की चाह और बढ़ा दी है। खुले दरवाजों की राह की ओर कई और दलों के कदम इस रैली के बाद तेजी से बढ़ जाएं तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें