देशपाल सिंह पंवार
पुराना साल तो ढेरों घाव देकर गया ही, नए साल की शुरूआत तक ठीक नहीं रही। वही आतंक की जंग-वही सत्ता का बेढंगा रंग। इसे अपशकुन कहिए या पुरानी गलतियों या लापरवाहियों का फल। पहला दिन-शाम का वक्त,जश्न का माहौल और गुवाहाटी की धरती खून से लाल। वही आतंकवाद का खूनी खेल। वही खौफनाक अंदाज। शांति के दुश्मन फिर कामयाब। चारों ओर चीत्कार। मरने वाले मर गए। ढेरों अपंग हो गए। उनके लिए,उनके परिवारों के लिए तो निश्चित रूप से यह साल सबसे मनहूस साबित हो ही गया। आगे और जाने किस जगह, किसके साथ, क्या होगा यह कोई नहीं जानता सिवाय कुदरत के या फिर उग्रवादियों या आतंकवादियों के। कम से कम केंद्र सरकार या राज्य सरकारें तो कतई नहीं जानती। ना उनका खुफिया तंत्र ये जानता या जानने की कोशिश करता कि आखिर मौत के सौदागरों का अगला निशाना कब, कौन और कहां होगा? अगर वे जानते या जानने की कोशिश करते तो पिछले साल असम में 28 बम धमाकों की वारदात की संख्या जरूर कम होती। अगर वे जानते तो साल के पहले दिन उल्फा उग्रवादी खून न बहाते। साल का पहला दिन हो और उग्रवादी तीन-तीन जगह धमाके कर जाएं, गृहमंत्री चंद मिनट पहले शहर में आए हों और उग्रवादी खुलेआम चुनौती दे जाएं क्या ये हमारी कमजोरी को नहीं दर्शाते? क्या ये अपनी ताकत का इजहार नहीं करते? क्या ये देश की एकता और अखंडता पर वार नहीं करते? हकीकत यही है कि इस विशाल देश के चारों छोर और हर मोड़ पर जिस तरह आए दिन उग्रवादी और आतंकवादी खूनी खेल खेल रहे हैं वो यह जरूर दर्शाता है कि कहीं न कहीं समय पर हम फैसले नहीं कर पाते। कर लेते हैं तो उनका क्रियान्वयन नहीं कर पाते। उग्रवादियों और आतंकवादियों को पैदा करने वाली जमीन को बंजर नहीं कर पाते। कभी पाकिस्तान की ओर से भारत की जमीन पर खून की होली खेली जाती है, कभी बांग्लादेश की ओर से। हम बस देखते रहते हैं। मार के बाद पुकार में लीन हो जाते हैं। कुछ दिन के शोर के बाद खामोश हो जाते हैं। नींद फिर किसी हमले या वारदात के बाद ही टूटती है। फिर वही सीन। बस हम बीमारी को रोकने की कोशिश करते हैं, उसे जड़ मूल से मिटाने की सोचते तक नहीं। करना तो बहुत दूर की बात है। इस ब्लास्ट से एक बार फिर साबित हो गया है कि जब तक उग्रवादियों और आतंकवादियों के अड्डे ध्वस्त नहीं किये जाते, कोई यह दावा नहीं कर सकता कि अब कहीं खून नहीं बहेगा। कोई नहीं मरेगा। अमन रहेगा। मुंबई पर हमले के बाद चिदंबरम ने घर के मुखिया का पद लिया था। देश में हंगामा हुआ। नेताओं पर निशाने साधे गए। ठंड में संसद तक गरम रही। देश में चौकसी के तमाम बंदोबस्त किए गए। सारे देश में सुरक्षा का जाल बिछाया गया। तमाम वादे और इरादे दिखाए गए। जनता को एहसास कराया गया कि अब कहीं आसानी से कुछ नहीं होगा। हर साजिश विफल हो, केंद्र की पकड़ हो, इसके वास्ते खुफिया एजेंसी का पुनर्गठन हुआ। उसकी बैठक चिदंबरम कई बार ले चुके हैं। पहली जनवरी को गुवाहाटी के लिए उड़ने से पहले उन्होंने बैठक ली। विश्वास जताया कि सब ठीक हो जायेगा। दो माह पहले हुए धमाकों की जांच के लिए वे गुवाहाटी उतरते ही थे कि उल्फा उग्रवादियों ने तीन धमाके कर डाले। नए मुखिया को पहली सीधी सलामी। गए थे जांच करने, जाना पड़ा घायलों को देखने अस्पताल। उन्होंने दो टूक कहा-उग्रवादियों के खिलाफ अब निर्णायक जंग होगी। राजनीति की गिरावट के इस दौर में भी चिंदबरम उन राजनेताओं में से एक हैं जिनके शब्दों की विश्वसनीयता बची है। उम्मीद यही जतायी जानी चाहिए कि या तो उग्रवादी रास्ते पर आएंगे या देश उन्हें नेस्तानाबूद करेगा। असम अरसे से उल्फा की मार का शिकार सभी पूर्वोत्तर राज्यों में इस उग्रवादी संगठन का एक समय दबदबा रहा है। धीरे-धीरे जब दबाव बढ़ा तो इसकी जड़े कमजोर होने लगी। लेकिन पड़ौसी देश बांग्लादेश इसकी शरणस्थली बन गया। इस बार के हमले में उल्फा की 709 बटालियन का हाथ माना जा रहा है। इसका आधार बांग्लादेश है। हमारा सीमा प्रबंधन कमजोर है। आए दिन कोई बांग्लादेश की तरफ से घुस आता है। या चला जाता है। पूववर्ती खालिदा जिया की सरकार के विरोधी रूख के कारण इस विंग को वहां पनाह मिली और खाद-पानी भी-न खालिदा सरकार ने उन्हें टोका और न ही आपातकाल में पनपी सरकार ने। इस बार धमाके कर उन्होंने यह जाहिर करने की कोशिश की है कि राज चाहे किसी का हो, हम पर कोई फर्क नहीं पड़ता। ये धमाके शेख हसीना को भी चुनौती है। उन्होंने कहा है कि उनकी धरती से किसी को आतंकवाद फैलाने की छूट नहीं दी जा सकती। शेख हसीना के सत्ता में आने के बाद ये उम्मीद जगी है कि हिंदुस्तान के कूटनीतिक दबाव के बाद इस उल्फा बटालियन का बेस कैंप वहां ध्वस्त होगा। अगर शेख हसीना कट्टरपंथियों के सामने नहीं झुकी और अपने वादे पर कायम रहीं तो यह माना जा सकता है कि पूर्वोत्तर में आने वाले समय में इतना खून खराबा नहीं होगा। हां इसके लिए हिंदुस्तान सरकार को न केवल अपना दबाव और ज्यादा बढ़ाना होगा बल्कि सीमा पर पहरा और कड़ा करना होगा ताकि उग्रवादी घसुपैठ बंद हो। उग्रवादियों को खत्म किया जा सकता है और काबू में लाया जा सकता है-भूटान इसका सबसे अच्छा उदाहरण है। उसने उल्फा के खिलाफ 2003 में जंग छेड़ी थी नतीजा वहां उल्फा की 27 वीं बटालियन का कोई नाम लेवा तक नहीं है। म्यांमार में उल्फा की जड़ें कमजोर हो चुकी हैं। वहां तीन में से सिर्फ एक बची है। अगर ये छोटे से देश उग्रवाद की जड़ें हिला सकते हैं तो फिर हम क्यों नहीं? समय इसीलिए सही है क्योंकि पूर्वोत्तर राज्यों में किसी जमाने में हिंसा में लीन कुछ संगठन अब मुख्य धारा की बात करने लगे हैं। हिंसा की खिलाफत करने लगे हैं और जनता तक उनकी गतिविधियों से आजिज आ चुकी है। कुछ गुट, कुछ उग्रवादी हमारी आन-बान-शान को अगर ललकार रहे हैं तो फिर उनका मुंह तोड़ जबाब हमें देना ही होगा। चिदंबरम ये काम कर सकते हैं। (3.1.09)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें