अजीब लोग हैं। जब तक आईपीएल सीमा में कराने की जद्दोजहद चल रही थी तब तक सब खामोश थे जैसे ही देशी क्रिकेट विदेशी विकेटों पर खेलने की बात आई तो सब के मुंह खुलने लगे। क्रिकेटर बोलने लगे। बीजेपी नेता सरकार को कोसने लगे। पूरी सुरक्षा देने की रुन्भेरी बजाने लगे। मौके की राजनीति और राजनीति में मौका तलाशना इसे ही कहते हैं। बिना सोचे मुंह खोलने की इसी सोच ने देश की काया ही चौपट कर दी है। जो राज्य सबसे ज्यादा असुरक्षित है उस राज्य का मुखिया सबको सुरक्षा देने की गारंटी लेता है। यहां आओ-क्रिकेट कराओ। है ना सबसे बड़ा मजाक। सवाल ये नहीं है कि आईपीएल कहां होगा? सबसे बड़ा सवाल है कि देश बड़ा है या क्रिकेट। चुनाव जरूरी है या क्रिकेट। जान कीमती है या रन। मान कीमती है या धन? टेस्ट या वन डे होता तो समझ में आता है लेकिन धनकमाऊ लीग को देश से ऊपर साबित करने की कोशिश कहां से जायज है? आईपीएल सिर्फ रन और उसके सहारे धन कमाने का खेला है। ऐसे में धंधेबाज देश हांकने की कोशिश करें तो इसे क्या कहेंगे? सब जानते हैं कि हमारा क्रिकेट बोर्ड सबसे अमीर है- क्योंकि हमारी जनता रन और विकेट के चक्कर में हिट विकेट है। इसी पागलपन को कैश कराने के लिए आईपीएल की मंडी खुली। क्रिकेट बिकी। क्रिकेटर नीलाम हुए। शायद अब देश की बारी है। बोर्ड की ओर से पूरी तैयारी है। बोर्ड ने लीग के वास्ते अनुबंध के नाम पर पैसे खाये हैं,लीग तो तय समय पर करानी ही होगी। वरना जितना कमाया नहीं उससे ज्यादा टीम मालिकों और टीवी चैनल को चुकाना होगा। साथ ही जालसाजी का वार झेलना होगा सो अलग। यही बोर्ड की असली परेशानी है। उसे यकीन नहीं था कि ऐसा होगा। शायद इससे पहले हुआ नहीं जब केंद्र सरकार ने आनाकानी की हो। अमूमन देश चलाने वाले ही क्रिकेट चलाते आए हैं। उनके रहते समस्या का सवाल ही नहीं था। दूसरा सबसे बड़ा कारण पैसा रहा। इसकी चकाचौंध में सबकी आंखें चुंधियाई रही। पहली बार जब जायज कारणों से केंद्र ने आनाकानी की तो धंधेबाजों को मिरची लग गई। अपनी तारीख वे बदल नहीं सकते। चुनाव की तारीख बदलना चाहते हैं। अपना मेला वे टाल नहीं सकते चुनावी त्यौहार को ताक पर रखना चाहते हैं। सवाल यही है कि आखिर सरकार पहले चुनाव कराए या क्रिकेट? सरकार की जिम्मेदारी हिंसा रहित चुनाव है। खासकर मुंबई और लाहौर कांड के बाद। इससे सबक सीखना जरूरी है। देश आतंकी निशानों पर है। चुनाव के दौरान आतंकवादियों के लिए क्रिकेट मैच मुफीद जगह साबित होगी। ऐसे में अगर किसी मैच के दौरान विस्फोट हुआ, लोग मारे गए तो कौन जिम्मेदार होगा? किसी विदेशी क्रिकेटर को कुछ हो गया तो कौन जिम्मेदार होगा? इसके बाद आज जो सरकार को आंख दिखा रहे हैं वही खड़े होकर सरकार को कोसेंगे। अब यह तय हो जाना चाहिए कि इस देश का हित किसमें है? सारे देश को उसी राह पर जाना चाहिए। लेकिन हो रहा है ठीक उल्टा- हम पाक की राह पर जाने को आमादा हैं। हकीकत यही है कि देशहित, जनहित पर स्वहित हावी हो गया है। अगर ऐसा नहीं है तो क्या बोर्ड अधिकारी बता सकते हैं कि जिस समय देश में छात्र परीक्षा में लीन रहते हैं उन्हीं महीनों में आईपीएल कराने की नींव क्यों रखी गई थी? अबकी चुनाव टकराया है लेकिन ये तो हर साल टक्रायेगा। क्या ये सही है? रन से धन कमाना जायज हो सकता है लेकिन रन की वजह से अगर मन मलिन हुए और तन मिटे तो न ये क्रिकेट बचाने आएगी और न ही आईपीएल की धुन बजाने वाले दिखाई देंगे। दिखाई देगी तो सिर्फ तबाही। वक्त पर ही हर चीज अच्छी लगती है। बेमौसम टर्र-टर्र करना ठीक नहीं। वक्त चुनाव का है। शांति कायम रखने का है। धंधेबाज क्रिकेट का नहीं। धंधेबाजों का नहीं।
२२.३.09
सही फ़रमाया आपने- पहले देश फ़िर क्रिकेट
जवाब देंहटाएं