देशपाल सिंह पंवार
देश फिर जनमत के लिए तैयार है। चुनावी बाजा बजने लगा है। साज फिर सजने लगा है। बेसुरा राग निकलने लगा है। नया राज आने ही वाला है। कौन नेता जीतेगा-जिसे जनता चाहेगी। जनता किसे चाहेगी-जो हत्यारा नहीं होगा, जो बलात्कारी नहीं होगा, जो भरष्टाचारी नहीं होगा,जो अच्छा होगा,जो वास्तव में जनसेवक होगा,जो कौम की तरक्की के रास्ते खोलेगा। जनता किस दल को ताज सौंपेगी-जो सबसे अच्छा होगा, देश की रक्षा करेगा, मेरा भारत महान के नारे को और नई बुलंदियां प्रदान करेगा। हर हाथ को काम, हर पेट को रोटी, हर सिर को छत, हर बच्चे को शिक्षा और कानून का राज स्थापित करेगा। देश में लोकतंत्र है जाहिर सी बात है कि जनसेवक बनने तथा देश पर राज करने के लिए किसी नेता या राजनीतिक दल को राज इसी बिना पर मिलना चाहिए। अगर ऐसा होता आया है और ऐसा ही है तो फिर लाख टके का सवाल यही है कि संसद में हर बार दागी नेताओं की संख्या बढ़ती क्यों जा रही है? पहली लोकसभा में अगर यह संख्या दहाई के नीचे थी तो फिर 14 वीं तक आते-आते यह सौ को पार कैसे कर गई? कैसे हत्यारे, घूसखोर और बलात्कारी सांसद बन गए?अगर हमारा सिस्टम बिल्कुल सही है तो फिर ये खोट हमारी आन-बान-शान पर लगातार चोट क्यों करता आ रहा है? सवाल यह है कि आखिर ये रोग बढ़ता ही क्यों जा रहा है? इस बात की क्या गारंटी है कि 15 वीं संसद में यह संख्या 250 पार नहीं करेगी? पर गारंटी देगा कौन? ना इस बारे में कोई सोचने वाला, ना कोई पहल करने वाला, बोलना और करना तो बहुत दूर की बात है। हर कोई मौन है। ऐसे में इस बार ऐसा ही होगा इसमें अगर लगाने की जरूरत नहीं। जिस तरह की राजनीति की धारा इस देश में बह रही है और जिस तरह एक ही स्टाइल में सारे दल हमाम में गोते लगाते नजर आ रहे हैं वह यह दर्शाने के लिए काफी है कि महानुभावों , आदरणीयों, जनसेवकों की आधी बिरादरी किस तरह की होगी? ये कैसा राज देते आए हैं,यह किसी से छिपा हुआ नहीं है। फिर आयेंगे,कैसी धारा बहायेंगे इसके बारे में देश के वे बच्चे बता सकते हैं जो राजनीति का ककहरा तक नहीं जानते। ऐसे में कैसे मान लिया जाए कि देश में जनता का राज है। जनता को अपने जनसेवकों पर नाज है। ऐसे में लोकतंत्र के क्या मायने? अगर सब मानते हैं कि सिस्टम खराब हो गया है तो फिर उसे ठीक करने की कोई क्यों नहीं सोचता? शाश्वत सत्य है कि हर खराबी ठीक हो सकती है। चुनाव प्रणाली को ठीक करना तो और ज्यादा आसान है। दो ही रास्ते हैं या तो सरकार ठीक करे या फिर जनता- ताकि लोकतंत्र असली राह पर आये। जहां तक सरकार का सवाल है तो जिस देश में गठजोड़ की राजनीति का बोलबाला हो, हर दल इस दलदल में काला हो वहां इस बात की आस नहीं है। चुनाव आयोग कई बार सिफारिशें कर चुका है कि जिस नेता पर कोई मामला दर्ज हो तो उसे चुनाव से तब तक दूर रखा जाये जब तक वो बरी साबित न हो जाये। इसके अलावा ढेरों ऐसी सिफारिशें कूड़ादान में पड़ी हैं जिससे दागी नेताओं के संसद तक पहुंचने के रास्ते बंद हो जाते पर ये हो ना सका। कारण- हर दल दागियों से पटा पड़ा है। या कहा जाए कि ढेरों दल दागी नेता ही चला रहे हैं। या इससे और ज्यादा यह कहा जा सकता है कि ऐसे ढेरों चेहरे देश चलाते आये हैं। हर दल की कमीज दागदार है और सब बेशर्मी से दलील देते हैं कि मुकदमा तो किसी के खिलाफ लिखवा दिया जाता है, ऐसे में हम गुनाहगार कैसे हुए? जब तक गुनाह साबित ना हो जाए और सजा न सुना दी जाए तब तक किसी को चुनाव लड़ने से नहीं रोका जा सकता। इस मसले पर जब कोई आवाज उठती है तो सारे दल एक हो जाते हैं जाहिर सी बात है सबकी खेती इसी से फल-फूल रही है। हर दल में दागियों को टिकट देने की होड़ लगी रहती है। वे जेलों में देश के कर्णधार तलाशते फिर रहे हैं। अपराधियों की राजनीति और राजनीति के अपराधीकरण के बारे में वे सिर्फ यह कहकर पल्ला झाड़ते आ रहे हैं कि हमारे यहां तो सिर्फ इतने हैं उनके यहां देखिए। यही कारण है कि आज के राजनेता और दल अपनी खूबियों की बजाय दूसरों की बुराई बताकर चुनाव लड़ते हैं। इस बार वे सुधरेंगे आस कम है। बाबा रामदेव ने हाल ही में नेताओं, दलों और जनता को जो शिक्षा दी है,तानाशाही सोच वाले उसे हवा में उड़ा सकते हैं लेकिन जिस ओर देश जा रहा है,यह जरूरी है। वोट के लिए जाति-धर्म में बांटने वाले नेताओं से छुटकारा मिलना ही चाहिए। जब किसी काम को सरकार न करे तो जनता को करना चाहिए। लोकतंत्र में यही कहावत चलती है कि जैसी प्रजा-वैसा राजा। तो क्या जनता को दोष दिया जाए? हकीकत यही है कि जनता अगर चाहे तो इसी चुनाव में सारी तस्वीर बदल सकती है। सबसे पहला काम-हर वोटर बूथ तक जाए। अगर सौ फीसदी मतदान होगा तो निसंदेह बेहतर प्रत्याशी ही चुनावी लहर में तर पाएंगे। अभी तक महज 15-20 फीसदी जनमत के सहारे राज बनते और महज 5 फीसदी से बिगड़ते आए हैं। इसे वास्तविक लोकतंत्र कैसे माना जा सकता है? जनता को यह देखना होगा कि कोई उसके हक पर डाका मारने वाला दागी नेता चुनाव न जीत पाए। इसके लिए जिसकी छवि साफ-सुथरी और जो पढ़ा-लिखा हो, अपने बीच का हो, जात-पात से दूर हो उसी को वोट मिले। जिस दिन ऐसा होगा किसी दल से किसी दागी को टिकट नहीं मिल पाएगा और वही होगा असली जनमत, वही होगा असली लोकतंत्र। काश ऐसा इसी बार हो। आप-हम, सब यही तो चाहते हैं फिर देर किस बात की। (1.3.09)
बहुत अच्छे .......
जवाब देंहटाएंहिंदी ब्लॉग जगत में आपका स्वागत है .........
wah is se nayi soch milti hai ...namshkaar...deepak panwar"bedil"
जवाब देंहटाएंअब हिंदी ब्लॉग की दुनिया में आपका स्वागत करता हूँ... मैं पत्रिकारिता का अंतिम वर्ष का छात्र हूँ... आपसे बहुत कुछ सीखने को मिलेगा... आशा करता हूँ.. आपका मार्गदर्शन भी सहज, सहर्ष, और सदेव मिलेगा.....
जवाब देंहटाएंbahut sundar, kash aisa ho jaye, chalo mahol banaye. narayan narayan
जवाब देंहटाएंA dream page .
जवाब देंहटाएंpawar jee aap ki babak tipani se mae bahut pahle se parichit hu,aap jab hindustan ke patna additaion ke editor thae.mae bihar ke hi patna dist ke masaurhi ka rahne wala hu,aur abhi present ddnews mae job kar raha hu.
जवाब देंहटाएं