बुधवार, 29 अप्रैल 2009

पासवान-जंग घमासान



देशपाल सिंह पंवार
अपने क्षेत्र का सर्वाधिक पढ़ा-लिखा दलित युवक होने का रिकार्ड़ नाम है। 23 साल की उम्र में विधायक बनने का रिकार्ड़ नाम है। देश में सर्वाधिक मतों से जीतने वाले सांसद का विश्व रिकॉर्ड नाम है। 89 से लगातार सांसद रहने का बिहारी रिकार्ड़ नाम है। पांच प्रधानमंत्रियों की कप्तानी में केंद्रीय मंत्री की पारी खेलने का रिकार्ड़ नाम है। 96 से 98 के बीच प्रधानमंत्री न होने के बावजूद संसद में सत्ता पक्ष का नेता होने का रिकार्ड़ नाम है। बिहार में लालू को गद्दी से दूर धकेलने का रिकार्ड़ नाम है। जितने मंत्रालय इस शख्स ने चलाए सबमें छाप छोड़ने का रिकार्ड नाम है। ढेरों को शिखर तक पहुंचाने का रिकार्ड नाम है। दलितों के लिए ढेरों काम करने का रिकार्ड़ नाम है। राजनीति में स्थापित और बड़ा नाम है। पर इतना कुछ होने के बावजूद कहीं न कहीं कुछ न कुछ कमी जरूर है जिसकी वजह से दलितों के सर्वमान्य और सबसे बड़े नेता का खिताब अकेले उनके सिर बंधा नजर नहीं आता। मायावती एक कदम पीछे और कभी दो कदम आगे खड़ी नजर आती है। वे दिल्ली की राजनीति पर जरूर छाये रहे लेकिन अपने राज्य बिहार में कभी सरकार बनाने की स्थिति में नहीं रहे। जिस जगह वे थे या हैं उससे कहीं ज्यादा के हकदार थे। शायद यह कहावत ही इसका मूल कारण हो कि वे हैं बिहारी पर राजनीति दिल्ली की करते हैं। लालू हो या नीतीश या फिर मायावती इन नेताओं ने कभी अपनी जड़ों को नहीं छोड़ा। अगर वे कभी सीएम की रेस में होते तो यकीनन उस गद्दी भी होते और आज की तारीख में कहीं ज्यादा मजबूत भी ,एक कारण यह भी हो सकता है कि इस शख्स के बाद या साथ कोई भी ऐसा नेता नहीं रहा जो बिहार में पार्टी को चला सके या कुछ बोझ हल्का कर सके? जिस-जिस पर विश्वास किया वे फायदा उठाकर साथ छोड़ते गए। या यह भी बड़ा कारण हो सकता है कि करीबी सलाहकारों की वजह से राजनीति की बिसात पर वे विरोधियों की चाल नहीं समझ पाए और सही समय पर सही चाल नहीं चल पाए। बिहार में अगड़े बीजेपी के साथ हैं। कुर्मी और बूमिहार जदयू के साथ हैं। मुस्लिम और यादव व अन्य पिछड़े लालू की जय-जयकार करते हैं। ऐसे में इस नेता का अल्पसंख्यक और लालू प्रेम बिहार की राजनीति की खेती में कभी दो मुट्ठी अनाज पैदा कर पाएगा इस पर संदेह है। इतिहास गवाह है कि जो-जो लालू के साथ रहा, खत्म होता गया। लालू को उनके साथ से फायदा है, लालू के साथ से इस शख्स को नहीं। 04 का आमचुनाव और 05 का राज्य का चुनाव इसका प्रमाण है। पहली बार लालू मजबूत रहे और दूसरे हाफ से ज्यादा लोजपा कभी बिहार में ताकतवर नहीं रही। उन्हें यह मानना होगा कि हर सत्तारूढ़ दल ने बिहारियों को छला। ऐसे में हर जात का बिहारी उनमें अपना नेता खोजता है पर वे हर बार कुछ खास जात की बात में जुट जाते हैं। नतीजा.....। अकेले अपने दम पर अगर वे पारी खेलते जाते तो यकीनन जमीन से आसमान-बस पासवान का नारा कामयाब नजर आता। लहरों से जो जीतता आया हो वो शतरंज का जानकार आखिर राजनीति की बिसात पर कैसे चूक कर सकता है? नतीजे बताएंगे कि क्या खोया और क्या पाया? लेकिन अब इससे कहीं ज्यादा जरूरी है कि बिहार में अगले साल के चुनाव में क्या पाना है? इसमें इस दलितों में सबसे बड़े कद के नेता को जुट जाना है। यही समय की मांग है।
रामविलास पासवान

0-खगड़िया जिले का कोसी नदी पार गांव शाहारबानी- 5 जुलाई,1946 को दलित परिवार में जन्म। पिता स्वर्गीय जमुन पासवान, माता-सियादेवी। कोसी कालेज और पटना विवि से एम ए और बीएल की शिक्षा। उस क्षेत्र से सर्वाधिक पढ़ा-लिखा युवक। संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी के टिकट पर 1969 में विधायक निर्वाचित। 70 में एसएसपी के संयुक्त सचिव। जयप्रकाश नारायण के अनुयाई और राजनारायण ,कर्पूरी ठाकुर व सत्येंद्रनारायण सिन्हा के नजदीक। 74 में लोकदल के महासचिव। आपातकाल का सारा पीरियड जेल में बीता। जनता पार्टी के टिकट पर 77 में हाजीपुर से जीत का विश्व रिकार्ड । गिन्नीज बुक में । फिर यहीं से 80 में संसद में । 83 में दलित सेना का गठन। 89 में फिर संसद में। वीपी सिंह सरकार में श्रम मंत्री। तब से अब तक सांसद। 96 से 98 तक रेलमंत्री। निचले सदन में सत्तापक्ष के नेता। दोनों पी ऍम एच डी देवेगौड़ा और आई के गुजराल उच्च सदन के सदस्य थे। इसके बाद अटल सरकार में 2001 तक दूरसंचार मंत्री। फिर 02 तक कोयला मंत्री। जदयू से नाता तोड़कर 2000 में लोजपा गठित। गुजरात दंगों पर अटल का साथ छोड़ा। 04 में लालू के साथ मिलकर आम चुनाव लड़ा। लालू फायदे में। पासवान स्टील और उवर्रक मंत्री। यूपीए का हिस्सा। 05 में अलग रहकर कांग्रेस संग बिहार में चुनाव लड़ा। 29 विधायक पार्टी के जीते। विखंडित जनादेश। लालू को समर्थन से इंकार। पार्टी विधायकों को नीतीश ने तोड़ा। फिर चुनाव। सदन में पहले से आधी ताकत। बिहार में राजग सरकार। वीपी सिंह,देवेगौड़ा, गुजराल, अटलबिहारी और मनमोहन सिंह समेत पांच प्रधानमंत्रियों के साथ मंत्री। दर्जनों कमेटियों के सदस्य और चेयरमैन। बिहार के सबसे बड़े दलित नेता। मुसलमानों में पैठ बनाने की कोशिश। योग के जानकार। शतरंज से प्यार। पत्नी रीना पासवान। तीन बेटियां, बेटा चिराग हिंदी फिल्मों का हीरो। लालू से फिर दोस्ती। कांग्रेस ने मुंह फेरा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें