बुधवार, 25 मार्च 2009

कैसी नैतिकता ?

देशपाल सिंह पंवार
पाटिल साहब जा रहे हैं। पद छोड़ रहे हैं। नैतिक जिम्मेदारी के बोझ तले दबे जा रहे हैं। मान रहे हैं -चूक हो गई। काश सोचने और बोलने से ज्यादा करने पर ध्यान दिया होता तो आज ये नौबत न आती। देश चार हजार करोड़ से ज्यादा की फौरी चोट खा गया। 200 से ज्यादा लोगों के खून से धरती लाल हो गयी। साठ घंटे हमें अमिट दुख से पाट गये। संसार में हमारी किरकिरी हो गई। देश की आन-बान और शान पर एक दाग लग गया इतना सब कुछ होने के बाद ही नैतिकता की दुहाई बेमानी नजर आती है। जो हुआ क्या उनका इस्तीफा इसकी कीमत अदा कर सकता है?आखिर इस फैसले तक पहुंचने में इतनी देरी क्यों? देश के हर कोने में लगातार हो रहे आतंकवादी हमलों के बीच यह नैतिकता कहां थी? जाना था तो तब नैतिकता की बात कहकर जा सकते थे। लाख टके का सवाल यही है कि अगर सिर पर चुनाव नहीं होते तो क्या प्रधानमंत्री उन्हें जाने के लिए कहते? पाटिल साहब इस्तीफा देते? हकीकत यही है कि कांग्रेस ने मुंबई के बहाने एक तीर से कई शिकार साध लिए हैं। घर से पाटिल की विदाई तो तय थी पर खजाने से चिदंबरम का जाना बता रहा है कि उनके काम तक न तो जनता को पच रहे थे और न ही सरकार को। चुनाव सिर पर हैं और मनमोहन सरकार ऐसे में कोई खतरा नहीं उठाना चाहती। अब अपने खुश, पराये चुप। साथ ही जनता में संदेश अलग से। वित्त मंत्रालय उनके हाथ में है। चुनाव से पहले के समय में अब खूब रेवड़ियां बंटेंगी। सारे जख्मों पर मरहम लगाने की कोशिश होगी यह तय है। सही हो या गलत पर देश की राजनीति में एक लंबे अरसे के बाद नैतिकता शब्द सुनाई दिया है। 80 के दशक से पहले यह मायने रखता था। बाद में यह महज एक शब्द बनकर रह गया। जब-जैसा मौका देखो, इस्तेमाल करो। वाक्यों में पिरोओ, गर्दन बचाओ,जनता को बरगलाओ, विरोधियों से पीछा छुड़ाओ और चैन की बंसरी बजाओ। इतिहास इस बात का गवाह है कि सत्ता में बैठे तमाम नेताओं ने समय,काल और परिस्थिति को देखकर इस शब्द को हमेशा अचूक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया। सिर पर चुनाव है-नैतिकता की बात करो। जनता का डर है-नैतिकता की बात करो। वोट पाना है तो नैतिकता को गुनगुनाना जरूरी है। इस बार यही हो रहा है। अरसे से लगातार देश पर हमले होते आ रहे हैं। आतंकवादी जगह-जगह खून बहाते आ रहे हैं। पर हर बार सख्ती से कुचलेंगे बोलकर पाटिल साहब राज चलाते रहे। ईश्वर सहारे देश चलाते रहे। जिस समय दिल्ली में आतंकवादी हमला हुआ उस समय वे इस्तीफा दे देते तो शायद नैतिकता की दुहाई का असर होता पर अब चाहे वे लाख दावे करें कि उन्होंने नैतिकता के चलते इस्तीफा दिया है लेकिन जनता सब जानती है। इतने बड़े वार के बाद उन्हें जाना ही था। मनमोहन सरकार की फेस सेविंग के सवाल पर उन्हें कुर्बान होना ही था। अगर नैतिकता की बात ही सर्वोपरि होती तो फिर अकेले पाटिल साहब ही क्यों? क्या यह उनके नायब श्रीप्रकाश जायसवाल की असफलता नहीं है? क्या यह सारी मनमोहन सरकार की विफलता नहीं है? क्या समूची सरकार को इस्तीफा नहीं देना चाहिए था? क्या रक्षा मंत्री को इसकी जिम्मेदारी नहीं लेनी चाहिए थी कि नौसेना की कहीं न कहीं कोई चूक है? क्या कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों को इसकी जिम्मेदारी नहीं लेनी चाहिए थी? क्या यह महाराष्ट्र सरकार की असफलता नहीं है? क्या विलासराव देशमुख को गद्दी पर बने रहने का हक है? अगर इन सबको हक है तो फिर अकेले शिवराज पाटिल ही क्यों? अगर पाटिल फेल हैं तो फिर मनमोहन सिंह पास कैसे हैं? जहां तक नैतिकता का सवाल है तो विपक्षी दल किस मुंह से नैतिकता की बात कहते हैं? पोरबंदर से हथियारों का जखीरा चलता है तो क्या गुजरात सरकार की कोई नैतिक जिम्मेदारी नहीं बनती थी? कांग्रेस और बीजेपी नेता एक दिन साथ रहे। एक ही सुर में बोलते दिखाई दिए लगा संकट में सब साथ हैं, देश राजनीति से उपर है पर अगले ही दिन वही राग। देश के प्रति ये कैसी नैतिकता? क्या इंडियन मीडिया ने नैतिकता दिखाई? देश पर सबसे बड़ा आतंकवादी हमला चल रहा था और तमाम चैनल रंगीले गाने पेश कर रहे थे। हमले के कारण देश उदास था। शोक में डूबा हुआ था। वी पी सिंह के निधन के कारण तिरंगा झुका हुआ था और निजी चैनल वो सब परोस रहे थे जिसकी ऐसे माहौल में न तो जरूरत थी और न ही वो देखना और सुनना किसी बाल मन तक को अच्छा लगता है। तो फिर कहां थी नैतिकता? कड़वा सच यही है कि इस देश में हर कोई खुद नैतिकता की राह पर चलने के बजाय दूसरों को इसका पहाड़ा पढ़ाने में जुटा हुआ है। अकेले शिवराज पाटिल के जाने से न तो इस देश में आतंकवादी हमलों को टाला जा सकता और न ही जान-माल की हानि को बचाया जा सकता। जरूरत है हर देशवासी के दिल में देश प्रेम के जज्बे की। देश के प्रति निष्ठा की। समर्पण की। इसके बाद कोई सरकार या कोई भी मंत्री शायद ही अपने फर्ज से मुंह मोड़ पाए? अगर ऐसा नहीं हुआ तो वोट की चाह की चोट हमें हमेशा यूं ही खानी होगी। (30.11.08)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें