बुधवार, 25 मार्च 2009

बेमिसाल

देशपाल सिंह पंवार

ऐतिहासिक,अविश्वसनीय, चमत्कार या जो कहना चाहें, दिल खोलकर चेन्नै में टीम इंडिया की जीत पर कह सकते हैं। जिस तरह और जिस माहौल में टीम इंडिया ने हार को जीत में बदला उसके लिए ये शब्द बेमेल और छोटे नजर आते हैं । मुंबई पर हमला, गोरों का जाना, दौरा खटाई में पड़ना, फिर लौटना, स्थान बदलना, मायूसी का माहौल,चार दिन तक गोरों का हावी रहना, स्ट्रास का दोनों पारियों में शतक ठोकना, पीटरसन का पारी घोषित करना, अंधेरे में सहवाग की आतिशबाजी , आखिरी दिन टूटती पिच पर सचिन और युवराज के पराक्रम के अलावा इस टेस्ट में वो सारे पल मौजूद थे, जो क्रिकेट को आसमान पर बिठाए हुए हैं। यही अनिश्चितता सबको दीवाना बनाती है। पल में हीरो-पल में जीरो, किसी को नहीं पता होता अगले पल क्या होगा, इस थीम को चेन्नै टेस्ट ने और मजबूत किया है। यह महज हमारी जीत नहीं। यह क्रिकेट की जीत है। इसके चाहने वालों की जीत है। आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने वालों की जीत है। मायूसी पर खुशी की जीत है। अंधेरे पर उजाले की जीत है। क्रिकेट के इतिहास की सबसे यादगार और सम्माननीय जीत है। यह गोरों के हौसले की जीत है। काश यह टेस्ट मुंबई में ही होता, इतनी ही शानदार क्रिकेट वहां होती। दर्शकों से मैदान अटा हुआ होता तो यह उन ताकतों को और ज्यादा मुंहतोड़ जवाब होता जिन्होंने खूनखराबे की साजिश रची। क्रिकेट आंकड़ों का खेल है। ढेरों नए रिकार्ड बने पर इस रिकार्ड को अब क्रिकेट के इतिहास से मिटाया नहीं जा सकता। 15 दिसंबर,2008 की तारीख हमेशा सुनहरी अक्षरों में चमकती रहेगी। वो 1933 का साल था। यही तारीख थी। हां दिन रविवार था। लार्ड्स का मैदान था और गुलाम देश इंडिया टेस्ट में पदार्पण कर रहा था। राजे-रजवाड़ों के पैसे से किसी तरह टीम वहां पहुंची थी। न ढंग के कपड़े थे और न ही वो सम्मान था। टूर के कप्तान तक राजा साहब ही थे। पर कप्तानी का अवसर मिला था सी के नायडू को। वहां भारत हारा था पर शान से। आज तक कप्तानों में अदब से नायडू का नाम लिया जाता है। वो इतिहास गुलामी की बेला में लिखा गया। चेन्नै का इतिहास ठीक 75 साल बाद आतंकवाद की काली छाया के बीच लिखा गया। हां खास बात है लिखने का अंदाज। मुंबई हमले के बाद सब गमगीन थे। चारों तरफ निराशा और गुस्से का वातावरण दिख रहा था, हर चेहरा पीड़ित नजर आ रहा था ऐसे माहौल में खेलना ही कठिन है और ऐसा खेलना तो उससे ज्यादा मुश्किल। मुंबई कांड पूरी टीम पर हावी था दर्शक और क्रिकेट प्रेमी उदास दिख रहे थे। चौथे दिन चाय तक कोई सोच नहीं सकता था कि इंग्लैंड यहां से हार भी सकता है। पर जो हुआ, होनी को यही मंजूर था। वैसे भी किस्मत बहादुरों का ही साथ देती है। सहवाग ने शाम के वक्त जो पारी खेली उसने नींव रख दी। युवराज के पास इससे बेहतर कोई मौका नहीं हो सकता था कि वो टूटती पिच पर अपनी तकनीक और धैर्य का लोहा मनवाएं। वो खुशकिस्मत थे कि दूसरे छोर पर सचिन थे। युवराज ने दिखाया कि क्रिकेट का कोई रूप हो वो सबमें फिट बैठते हैं। सचिन के असाधारण शतक ने न केवल इंडिया को जिताया बल्कि मुंबई की पीड़ा को काफी हद तक कम किया। सचमुच उनकी ये पारी अनमोल है। मुंबई के शहीदों के नाम समर्पित कर उन्होंने इसे वो दर्जा दे दिया जहां तक कोई इंडियन क्रिकेटर पहुंच ही नहीं सकता। इस पारी को खेलते समय उनकी मानसिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। मुंबई पर हमले के वक्त वो रोये थे। हर इंडियन की तरह उनके घर में मातम था। उनकी बेटी सारा के दो सहपाठियों के माता-पिता की मौत से ये और ज्यादा बढ़ गया था। सचमुच यह सबसे उनकी महान पारी है सचिन के स्तर के हिसाब से बेजोड़। राहुल की असफलता को छोड़ दिया जाए तो जीत का श्रेय पूरी टीम को जाता है खासकर धोनी की कप्तानी का इसमें कम रोल नहीं है। सी के नायडू की परम्परा के असली वाहक धोनी की काट न तो आस्ट्रेलिया तलाश पाया था और न ही इंग्लैंड। सब नतमस्तक हैं। धोनी की धुन के आगे नाच रहे हैं। जिस तरह यह युवा कप्तान अनुभावी खिलाड़ियों की टीम का संचालन कर रहा है उसकी मिसाल इंडियन क्रिकेट में दूसरी नहीं मिलेगी। टीम में जोश भी है और होश भी-ऐसी टीम को कौन हरा सकता है? इतना ही नहीं जिस टीम में मैन आफ दी मैच के कई हकदार हर टेस्ट में होते हों उसे नंबर वन की गद्दी पर जाने से कौन रोक सकता है और कितने दिन? हर उस इंडियन को अब उसी दिन का इंतजार है जिसे क्रिकेट से प्यार है। (16.12.08)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें