बुधवार, 25 मार्च 2009

जवान देश का बूढा वेश

देशपाल सिंह पंवार
कैसा दुर्योग है- जिस देश की आबादी एक अरब से ज्यादा हो,उसे हर बार चंद आतंकवादी दहलाकर चले जाते हैं। जिस देश के पास सबसे बड़ी युवा शक्ति हो, वह बार-बार आतंकवादी हमलों के वक्त बूढ़ों की तरह चलता नजर आता है। जिस देश पर बार-बार हमले हो रहे हों, वो देश ऐसी घड़ियों में अमूमन सोता हुआ नजर आता है। जिसके पास दुनिया की सबसे बड़ी फौज हो,वो आतंकवाद से जंग में जूझता ही नजर आता है। जो दुनिया का सबसे बड़ा और मजबूत लोकतांत्रिक देश हो, वो आतंकियों की करतूत से बार-बार हिलता नजर आता है। जिस देश का इतिहास वीरता के किस्सों से अटा पड़ा हो, उसके बच्चे आतंक के कहर से डरे नजर आते हैं। जिस देश की 10 फीसदी आबादी को एक वक्त का ही भोजन नसीब होता हो,वहां की ही काली कमाई आतंकवाद का पेट भर्ती नजर आती है। इसके अलावा भी ढेरों ऐसे कड़वे सच हैं जो बार-बार ये सोचने को विवश करते हैं कि आखिर ऐसा क्यों? आखिर ऐसा कब तक चलेगा? कब तक हमारी धरती यूं ही खून से लाल होती रहेंगे, हम अपनों को गंवाते रहेंगे, हमारे बच्चे दहशत में जीते रहेंगे, हम अपनी मेहनत की कमाई खोते रहेंगे,भारत की आन-बान और शान पर चोट सहते रहेंगे। कब तक हम हाथ पर हाथ धरे बैठे रहेंगे? इस क्यों और कब तक का जवाब तलाशने में हम पहले ही काफी वक्त गंवा चुके हैं और कितना लेंगे? क्या हमें और वक्त चाहिए? अगर हां तो फिर ईश्वर ही मालिक है। अगर नहीं तो फिर देर किस बात की। सही चाह की सही राह का यही सही समय है। घर हो या समाज या फिर राष्ट्र सबसे बड़ी पूंजी होती है मानव शक्ति। खासकर हिंदुस्तान के परिपेक्ष्य में जहां मानवता सर्वोपरि है। इस मामले में वैसे भी कुदरत हम पर हमेशा मेहरबान रही है। हां यह जरूर है कि इस मेहरबानी की हमने कीमत नहीं समझी। इसे नेमत समझने की बजाय आफत की तरह लिया जाता रहा। अगर समय रहते इसके बेहतर इस्तेमाल के रास्ते तलाश लिए जाते तो शायद आज जिस आतंकवाद से सारी दुनिया जूझ रही है,इंडिया पर ये खतरा कहीं कम मंडरा रहा होता। खैर किसने गलती की, न तो यह कोसने का वक्त है और न ही रोना रोने का। सही वक्त है खुद को बदलने का और आतंकवाद पर नकेल कसने का। वैसे भी कहावत है जो होता है अच्छे के लिए ही होता है। मुंबई पर हमले ने अगर हमसे बहुत कुछ छीना है तो दिया भी है। अतंर्राष्ट्रीय बिरादरी का साथ। हर इंडियन के एकजुट हाथ। इसी ताकत से हम दे सकते हैं आतंकवाद को मात। पहल सबको करनी होगी-सरकार को भी और हर भारतीय को भी,सारे ढांचे में आमूल चूल परिवर्तन की जरूरत है। जनता और देश पर वोट की राजनीति की चोट का सिलसिला बंद करने की जरूरत है। विश्वास पैदा करने की जरूरत है। सरकार के स्तर पर दो स्तरीय रणनीति बनाने की जरूरत है। एक फौरी इलाज और दूसरा स्थाई। फौरी इलाज के लिए सबसे पहले मुद्रा राक्षस (आतंकवादी मुद्रा)पर चोट करनी होगी। सरकार जानती है कि किस तरह देश के अंदर एक नेटवर्क इसका पोषक बना हुआ है,यहीं से कमा रहा है और आतंकवादियों को दे रहा है। उसे सख्ती से कुचलने की जरूरत है। दूरगामी रणनीति के तहत सबसे पहले शिक्षा को रोजगारपरक बनाने की जरूरत है,ताकि हमारे नौजवान बेरोजगार न रहें और निराशा में आतंकवादियों,नक्सलवादियों और असमाजिक तत्वों का आसान चारा न बने -जैसी पढाई-वैसी नौकरी। हर हाथ को काम, हर पेट को रोटी और हर सिर को छत जब तक नहीं मिलेगी तब तक सारी बातें और आशाएं बेमानी हैं। साथ ही गाँव स्तर से ऊपर तक ऐसे जाबांज नौजवानों का एक संगठन बने जो जाति,धर्म और राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर देश के लिए काम करे। जिसे न केवल सीधे विकास के काम से भी जोड़ा जाए बल्कि साथ ही यह जिम्मेदारी सौंपी जाए कि हर असामान्य गतिविधि पर वो नजर रखे। ये जज्बा सरकार को ही पैदा करना होगा कि देश पर मर मिटने वालों का दर्जा सबसे ऊपर है। सबसे बड़ी त्रासदी अब तक यही है कि खेलों में जीते गए मेडल की कीमत वो करोडों में आंकती है और देश पर मर मिटने वालों की लाखों में। एक मेडल से कहीं ऊपर जवान होता है। सरकार को इसका एहसास करना भी है और कराना भी है। मीडिया को भी असली हीरो के रूप में शहीदों को समाज के सामने पेश करना होगा ताकि उस राह पर चलने की युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिले। जब तक शहीदों को सर्वोच्च दरजा समाज में नहीं दिया जाएगा तब तक देश प्रेम केवल 15 अगस्त और 26 जनवरी को ही नजर आएगा। यह भी कड़वा सच है कि इसका एहसास हमारे बच्चे ही कराते हैं,इन दो खास दिन बस उनके ही हाथों में तिरंगा नजर आता है। हकीकत यही है कि हम केवल अपने और अपने घर के बारे में ही सोचते हैं। समाज,राज्य और देश बाद में। इस सोच से क्या किसी देश का कल्याण हो सकता है? जरूरत है हर देशवासी के दिल में देश प्रेम की। देश के प्रति निष्ठा की। समर्पण की। उसी जज्बे की जिसके बल पर हमने आजादी पायी थी। जब ऐसा हो जायेगा तो फिर कोई भी राजनेता या सरकार कोई ऐसी गलती नहीं कर पायेगी जिसकी हमें मुंबई की तरह फिर बड़ी कीमत चुकानी पड़े। चारों ओर अमन का राज हो। शांति हो। विकास हो।-आमीन। (15.12.08)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें