
देशपाल सिंह पंवार
खुदा जब देता है तो छप्पर फाड़कर देता है। इस कहावत को कोई झुठला नहीं सकता। पता नहीं कब, किसकी और कैसे किस्मत चमक जाए कहा नहीं जा सकता। कोई माने या ना माने पर किस्मत अपना खेल जरूर खेलती है। कोई करम की खाता है और कोई किस्मत की। करम की खाने वाला सारी जिंदगी एड़िया रगड़कर थक जाता है लेकिन वहां तक नहीं पहुंच पाता जहां तक किस्मत वाला एक पल में ही बैठा नजर आता है। जैसे जिसके नसीब-वैसे ही रंग-ढंग करीब। हर क्षेत्र-हर शख्स इसकी परिधि में होता है फिर राजनीति का एरिना कैसे अलग रह सकता है। इसकी तो माया ही अलग है। जिस शख्स को पार्टी के लोग तक सलाम करना बंद कर दें वो मुख्यमंत्री हो जाता है। जो नेता कभी ख्वाब में भी प्रधानमंत्री की गद्दी पर ना बैठता हो वो हकीकत में उस पर बैठा नजर आता है। कारण देश में प्रधानमंत्री की गद्दी संख्या बल से तय होती है किसी खास तयशुदा योग्यता से नहीं। संख्या बल की निगाह में जब चार-पांच चेहरे पीएम की रेस में एक दूसरे को पछाड़ते नजर आते हैं तो ऐसे में अमूमन वो चेहरा बाजी मार ले जाता है जिसके फेवर में चाहे कम संख्या हो पर जिसके खिलाफ कोई ना हो। खासकर विखंडित जनादेश की स्थिति में। कर्नाटक के किसान परिवार में जन्मा ये सिविल इंजीनियर इसी तरह की राजनीति के बल पर प्रधानमंत्री की उस गद्दी पर उस दौर में पहुंच गया था जब एक से एक धुरंधर बरसों से उसे हासिल करने के हथकंडे अपनाते आ रहे थे। जब वो प्रधानमंत्री बना तो उसने इस गद्दी को पाने के लिए कोई मेहनत भी नहीं की थी। हां एक कुरबानी जरूर दी थी मुख्यमंत्री की गद्दी छोड़ने की। अपनी गैरविवादित छवि के कारण उसके लिए यह रास्ता खुलता चला गया। बीजेपी चाहकर भी सरकार नहीं बना पाई। मौके की राजनीति करने वालों ने आनन-फानन में सयुंक्त मोरचा खड़ा कर डाला। कुछ अन्य दावेदारों के आपस में पैंच फंसे हुए थे नतीजा सबसे अच्छा यही चेहरा सामने आया। वो पीएम बना। किसी तरह दस महीनें उस सीट पर गुजारे। उसे उस दौर में भी किसी ने बोलते हुए नहीं देखा। हां महत्वपूर्ण अवसरों पर भी सोते हुए सारी जनता ने जरूर देखा। जिस तरह गद्दी पाने की खुशी चेहरे से नहीं झलकी थी उसी तरह उसके छिनने का गम भी दूर-दूर तक नजर नहीं आया। पीएम बनने से पहले की इस राजनेता की राजनीतिक पारी जितनी गैरविवादित थी उसके बाद की उससे दस गुणा ज्यादा विवादित। इसके बाद राजनीति के जोड़-तोड़ वो भी करने लगे थे। चाहे पांच साल में उनका नाम यदा-कदा आता रहता हो पर 96 के बाद देश में जब-जब आम चुनाव सिर पर आए इस राजनेता का नाम हमेशा सुर्खियों में रहा। जिन हालात में वो तुक्के से पीएम बनें वही हालात फिर बनेंगे यह आस उन्हें कुछ समय के लिए जगाती और दौड़ाती-मनाती और उनसे तीसरे मोरचे की बात कराती आ रही है। इस बार फिर वे उसी मुहिम के तहत मैदान में कूदे हुए हैं। वो जानते हैं कि हो सकता है फिर तुक्का लग जाए नहीं भी लगा तो कम से कम केंद्र की राजनीति में उनका दखल बरकरार रहेगा। यही उनकी सबसे बड़ी कामना है क्योंकि वे अब राष्ट्रीय नेता बन गए हैं। कर्नाटक में बेटा राज कर चुका है। वह गद्दी उनके लिए छोटी पड़ चुकी है। उनका तीसरा मोरचा बिल्कुल इसी तर्ज पर हर बार बनता और बिगड़ता रहता है जैसे चुनाव के वक्त मीडिया के ढेरों चैनल या अखबार पैदा होते हैं और मेला खत्म होते ही बोरिया बिस्तर बांधकर फिर अगली बार का इंतजार करते रहते हैं। उनका बिस्तर अभी खुला हुआ है। जैसे ही कोई गद्दी पर बैठेगा वो फिर बंद हो जाएगा लेकिन एक बात तय है कि कई सालों के बाद इस बार 18 मई को उनका जन्मदिन अच्छा मनने के आसार हैं। बंगले में बधाई देने वालों का जमघट रहेगा। गुलदस्ते दिए जाएंगे। रौनक रहेगी। कितने दिन यह ऊपर वाला जानें। अगर वो मेहरबान रहा तो फिर..
हरदनहल्ली डोडेगौड़ा देवेगौड़ा
0-कनार्टक के हसन जिले का हरदनहल्ली गांव-एक किसान परिवार में 18 मई,1933 को जन्म। चार बेटे और दो बेटियां। सिविल इंजीनियर की डिग्री के बावजूद युवावस्था में ही 1953 में राजनीति में प्रवेश। कांग्रेस में 62 तक रहे। 62 में होलेनएरासीपुर सीट से निर्दलीय विधायक निर्वाचित। इसी सीट से 66,72 व 78 में भी जीत। 70 के दशक के आखिर में जनता पार्टी में उदय। सिंचाई मंत्री लंबे समय तक रहे। फंड न देने के विरोध में मंत्री पद से 87 में इस्तीफा। जनता पार्टी के राज्य स्तर पर दो बार अध्यक्ष रहे। इसी तरह जनता पार्टी टूटने पर जनता दल बनाया। उसके अध्यक्ष रहे। 94-96 तक कर्नाटक के मुख्यमंत्री। 96 के चुनाव में कांग्रेस की हार। नरसिम्हा राव का इस्तीफा। बीजेपी सरकार बनाने में विफल। आनन-फानन में संयुक्त मोरचा गठित। देवेगौड़ा सीएम से सीधे प्रधानमंत्री की गद्दी पर। एक जून96 से 21 अप्रैल 97 तक पद पर रहे। देश की पहली गैर कांग्रेसी और गैर बीजेपी सरकार। फिर आई के गुजराल की बारी। इस समय जद एस के अध्यक्ष और सांसद। जद एस ने कांग्रेस से मिलकर राज्य में सरकार बनाई। 2006 में बेटे एच डी कुमार स्वामी ने बीजेपी के साथ मिलकर कांग्रेस की सरकार गिराई। गद्दी हथियाई। बीजेपी साथ रिश्तों के कारण पार्टी फिर टूटी। इस बार आम चुनाव से पहले फिर तीसरे मोरचे की फिराक में। केंद्र में सत्ता पाने की चाह।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें