राजनेताओं की घटिया सोच का-गद्दी के लिए लोच का-जनता के पांव की मोच का। नेतागिरी से पैदा जंगलराज का-सफेदपोश की देन गुंडाराज का-जनता पर गाज का। बेईमानी के बेहिसाब वार का,जातियों के तकरार का, नपुंसक-निकम्मी सरकार का। बच्चों से दुर्व्यवहार का, बेरोजगारों पर मार का ,अबलाओं पर जारी अत्याचार का। हाकिमों की घूसखोरी का, कालाबाजारियों की जमाखोरी का,टूटती डोरी का।
रविवार, 29 मार्च 2009
नालायक बेटे
देशपाल सिंह
उसके बिन न सुबह होती,न शाम। न नाम मिलता,न काम। न जिंदगी चलती न मुक्ति मिलती। वो केवल नदी नहीं है, सिर्फ पानी नहीं है। वो जिंदगानी है, वो मां है। वो भी ऐसी जो सदियों से प्यास बुझाती आ रही है, जीवन सुधारती आ रही है,रक्षा करती आ रही है,पाप धोती आ रही है,पुरखों का उद्धार करती आ रही है। सब कुछ फ्री में। वो बदला नहीं चाहती पर क्या लायक औलाद का फर्ज हमने निभाया ?सदियों से हमने क्या दिया-सिर्फ तिरस्कार । हमने क्या किया-सिर्फ आंचल मैला। वो बोल नहीं सकती, गुस्सा कर नहीं सकती, मुंह मोड़ नहीं सकती, शाप दे नहीं सकती हां असहनीय दर्द से खामोश होने लगी है। किससे कहे? औलाद लायक नहीं निकली, इज्जत करने वाली नहीं निकली तो इसमें उसका क्या कसूर? गंगाजल नहाने लायक नहीं रहा, पीने लायक नहीं रहा। क्या ये हमें दिखायी नहीं देता? क्या खो चुके हैं क्या और खोने जा रहे हैं इसका एहसास हमें अब नहीं होता? यह हाल तब है जब उसके बिना गुजारा नहीं । अगर होता तो पता नहीं इंसानों की ये बस्ती और कैसा सलूक करती? रहा सरकार का सवाल-आजादी के बाद गंगा की सफाई के नाम पर कुछ नहीं हुआ। 1985 में सुध ली। आठ साल में एक हजार करोड़ बह गये। गंगा और मैली होती गई-अफसर चमकते गए। फिर कानून बदला। कोई फायदा नहीं हुआ। गंगा की हालत बिगड़ती ही चली गई, वो पाट और घाट से दूर होती चली गई। संतों की हुंकार का असर कहिए या चुनाव का डर या फिर मनमोहन सिंह की सही सोच-सरकार ने राष्ट्रीय नदी का दर्जा दे डाला है। सुनने में अच्छा लग रहा है। लेकिन ये सच कड़वा है कि हिंदुस्तान जैसे देश में गंगा जैसी नदी को ये दर्जा पाने में 61 साल लग गये। लाख टके का सवाल यही है कि इसमें 61 साल क्यों लगे? इसकी भी क्या गारंटी- राष्ट्रीय नदी का भी राष्ट्रीय भाषा जैसा हश्र नहीं होगा? काश ऐसा ना हो। वरना.. (5.11.08)
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें