रविवार, 29 मार्च 2009

करोड़पति कुत्ता

देशपाल सिंह पंवार
यूं तो जिसे जनता सराहे, वही फिल्मकार या कलाकार का सबसे बड़ा अवार्ड है फिर भी सारी दुनिया ने ये मान लिया है कि किसी फिल्म,किसी कलाकार का सबसे बड़ा अगर कोई इनाम या पहचान है तो वह है आस्कर अवार्ड। हिंदुस्तान में अब तक न जानें कितनी फिल्में बन चुकी, कितने महान कलाकार अपनी अदाकारी के जौहर दिखा चुके पर इसकी झोली हमेशा खाली ही रही। मदर इंडिया से लेकर लगान तक सब बेजोड़ फिल्में वहां बस नामांकन तक की ही जंग लड़ती रहीं। पर इस बार बादल बरसे। स्लमडाग मिलेनियर ने 8 अवार्ड जीते। महान संगीतकार ए आर रहमान के हिस्से में भी दो आए। एक अंजानी सी लड़की पर बनी डाक्युमेंट्री स्माइल पिंकी ने भी आस्कर जीता। महाशिवरात्रि के दिन ऐसा प्रसाद- इससे ज्यादा खुशी की बात और क्या होगी? ए आर रहमान कैसे संगीतकार हैं इसके बारे में बताने की जरूरत नहीं। वे आस्कर नहीं जीतते तब भी उनका कद नहीं घटता। मिलने पर बढ़ नहीं गया है। हां धंधे में फायदा हो सकता है। विदेशी सम्मान मिलने पर खुशियां जताना,दीवाली मनाना हम लोगों का पुराना मर्ज है जो अंग्रेजों की गुलामी करते-करते पैदा हुआ था। आस्कर मिलने पर खुशियां जतानी चाहिए लेकिन इस बात पर मंथन जरूरी है कि आखिर क्यों हमारे फिल्मकारों को वहां न्याय नहीं मिलता? क्यों 1982 में गांधी और अब स्लमडाग ने वहां पताका फहरायी?अगर ये दोनों फिल्में कोई इंडियन बनाता तो क्या उसे यही मान-सम्मान मिलता? शायद नहीं। हकीकत यही है कि निर्माता-निर्देशक अंग्रेज थे इसीलिए राह आसान रही। हमारे नाम पर, हमारे मान पर हमारी गरीबी पर विदेशी चोट करके इनाम पा जाते हैं, हम खुश हो लेते हैं। वरना मदर इंडिया हो या मुगले आजम या फिर पाकीजा क्या ये फिल्में ऐसी नहीं थी जिन्हें ये अवार्ड मिलना चाहिए था? अगर नहीं तो फिर रंग और देश विभेद की जद से घिरे ऐसे अवार्ड पर उछल-कूद का क्या मतलब? बस्ती का करोड़पति कुत्ता कहलाकर अंग्रेज की नेमत से फुल झोली पर सब गदगद हैं। क्या ये सही है? (23.2.09)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें