देशपाल सिंह पंवार
गांधी जी के तीन बंदर थे। बुरा मत देखो, बुरा मत कहो, बुरा मत सुनो। बच्चों को याद है पर अफसोस इस देश के ढेरों नेताओं को याद नहीं। इनमें से एक को मुंबई चाहिए। दूसरे को सिर। तीसरे को गिरफ्तारी। पहला गुंडाराज चलायेगा। दूसरा लक्ष्मी लुटायेगा। तीसरा दिल्ली का ताज हिलायेगा। पहले की सनक है। दूसरे की धमक है। तीसरे की हनक है। वे वोट की चाह की बेढ़ंगी राह में मस्त और जनता फैलती कटुता में पस्त। नरम मौसम और गरम देश। लालू की धमकी से पारा थोड़ा और चढ़ गया है खासकर राजनीति में। 15 तक या तो राज रासुका में अंदर वरना लालू केंद्र से बाहर। क्या होगा सत्ता के गलियारों में कयासबाजी जारी है। क्या मनमोहन सरकार की सेहत भारी है? क्या यही आखिरी और सही रास्ता है? क्या लालू के ऐसा करने से राज ठाकरे सुधर जायेंगे? ये जहर बेअसर हो जायेगा? इन मसलों पर उन्हें सही मानने वाले जितने होंगे उससे ज्यादा उन्हें गलत ठहराने वालों की संख्या होगी। पर इस बात से सब सहमत जरूर होंगे कि लालू राजनीति के उन माहिर खिलाड़ियों में से एक हैं जो कभी मौका नहीं चूकते। इस बार तो उन्होंने एक तीर से कई शिकार किए हैं। बिहार का सबसे बड़ा पर्व छठ है। जनता संवेदनाओं में ओत-प्रोत है। छठ से ठीक पहले लालू का अल्टीमेटम रंग जरूर लायेगा। राज अंदर तो जनता में वाह-वाह। नहीं हुए तो और बल्ले-बल्ले। खोने को कुछ नहीं और पाने को बहुत कुछ। न उनके जाने से मनमोहन सरकार गिरेगी और न गद्दी जाने का कोई नुकसान। इस्तीफों का रंग गिरफ्तारी से ज्यादा जमेगा। खासकर अगले आम चुनाव में। जो सिर पर है। यह एक मेन मुद्दा होगा। अगर नहीं होगा तो लालू इसे जरूर बनायेंगे। समर्थक भी ये जानते हैं ,उनके विरोधी भी,बाजी लालू के हाथ में हैं। बिहार में नीतीश इस्तीफा दे नहीं सकते। भाजपाई इस्तीफा दे नहीं सकते। नतीजा चुनावी पिच पर इन दलों को लालू की ये गुगली जरूर नचायेगी। खासकर बिहार में। (3.11.08)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें