रविवार, 29 मार्च 2009

सजा दो

देशपाल सिंहपंवार
दरिंदगी की सारी सीमाएं जिन दो राक्षसों ने लांघी हों,मानवता को कलंकित किया हो, न जाने कितने बच्चों, लड़कियों और महिलाओं को अपनी हवस का शिकार बनाकर खौफनाक तरीके से मार डाला हो, हड्डियां तक गला डाली हों उन दोनों दरिंदों मोनिंदर सिंह पंडेर और सुरेंद्र कोली को सीबीआई की विशेष अदालत ने फांसी की सजा सुना दी है। यह सिर्फ एक मामले में फैसला आया है, 18 और बाकी हैं। दुनिया में इससे ज्यादा सजा का कोई प्रावधान नहीं और इन दोनों दरिंदों का अपराध इससे कम का हकदार नहीं। लेकिन हर इंडियन को ऐसा क्यों लगता है कि इन दोनों को इससे भी बड़ी सजा मिलनी चाहिए। जल्दी मिलनी चाहिए। ये अदालत का फैसला है लेकिन हम जिस देश में रहते हैं वहां उपर वाले का फैसला सर्वोपरि माना जाता है। इसीलिए इस फैसले का सार यही तमाम लोग मान रहे हैं कि ईश्वर के घर देर है पर अंधेर नहीं। जैसी करनी-वैसी भरनी -यह फैसला पंडेर व कोली को फांसी की सजा तक सीमित नहीं है। हर शख्स आज इस बात को लेकर हैरत में है कि आखिर किस बिना पर सीबीआई पंडेर जैसे राक्षस को निर्दोष साबित करने पर तुली हुई थी? क्लीन चिट दे रही थी। यह फैसला सीबीआई के मुंह पर सबसे बड़ा तमांचा है। लाख टके का सवाल यही है कि जिस एजेंसी के हाथ में सही और गलत दिखाने का काम हो क्या वो गलत राह पर है? क्या पावर, पैसा और पालिटिक्स के बल पर भी इस एजेंसी से अर्थ का अनर्थ कराया जा सकता है? जिस तरह पिछले कुछ मामलों में लगातार सीबीआई की कार्यप्रणाली की धज्जियां अदालतों में उड़ती आ रही है उससे यह एजेंसी अपनी साख खोने के कगार पर है। आखिरी पल में पंडेर को फांसी की सजा की दलील से उसका ये गुनाह नहीं छिप जायेगा कि उसने ही पंडेर को एक दिन क्लीन चिट दी थी। पंडेर और कोली को तो सजा मिल गयी पर सीबीआई को कौन देगा? जो टीम पंडेर के फेवर में खड़ी नजर आ रही थी क्या उसे सजा नहीं मिलनी चाहिए? (13.2.09)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें